होति असंखा जीवे, धम्माधम्मे अणंत आयासे।
मुत्ते तिविह पदेसा, कालस्सेगोणतेण सो काओ।।२५।।
इक जीव धर्म व अधर्म में, माने प्रदेश हैं असंख्यात।
नभ में अनंत होते प्रदेश, औ लोकाकाश में असंख्यात।।
पुद्गल में त्रिविध प्रदेश कहें, जो संख्य असंख्य अनन्ते भी।
बस काल में एक प्रदेश कहा, नहिं काय नाम है अत: सही।।२५।।
अर्थ - एक जीव में, धर्मद्रव्य और अधर्मद्रव्य में असंख्यात प्रदेश होते हैं, आकाश द्रव्य में अनन्त प्रदेश हैं, मूर्तिक-पुद्गल द्रव्य में तीन प्रकार के-संख्यात, असंख्यात और अनन्त प्रदेश होते हैं तथा काल द्रव्य का एक प्रदेश होता है इसीलिए वह काल द्रव्य ‘काय’ नहीं होता है। भावार्थ-आकाश में से लोकाकाश में एक जीव के समान असंख्यात प्रदेश होते हैं और अलोकाकाश में अनन्त प्रदेश होते हैं। कालद्रव्य में एक प्रदेश ही है क्योंकि वे कालद्रव्य असंख्यात माने गये हैं। इसीलिए बहुप्रदेशी न होने से उन्हें ‘काय’ संज्ञा नहीं है किन्तु वह काल ‘अस्ति’ अवश्य है।
प्रश्न - जीव असंख्यात प्रदेशी कैसे माना गया है?
उत्तर - केवली समुद्घात के समय जीव सारे लोकाकाश में फैल सकता है और लोकाकाश के असंख्यात प्रदेश है। अत: जीव असंख्यात प्रदेशी कहा गया है।
प्रश्न - धर्म द्रव्य और अधर्म द्रव्य को असंख्यात प्रदेशी क्यों कहा है?
उत्तर - धर्म द्रव्य और अधर्म द्रव्य भी तिल में तेल के समान सारे लोकाकाश में व्याप्त हैं अत: ये दोनों द्रव्य भी असंख्यात प्रदेशी कहे गये हैं।
प्रश्न - आकाश द्रव्य को अनन्त प्रदेशी क्यों माना है?
उत्तर - लोक और अलोक दोनों में व्याप्त होने से आकाश की कोई सीमा नहीं है अत: वह अनन्त कहा गया है।
प्रश्न - पुद्गल द्रव्य में संख्यात, असंख्यात और अनन्त प्रदेशी ये तीनों प्रकार कैसे हैं?
उत्तर - संख्यात पुद्गल परमाणु का पिण्ड होने से वह संख्यात प्रदेशी है। असंख्यात परमाणुओें का पिण्ड होने से उसे असंख्यात प्रदेशी कहते हैं और अनन्त परमाणुओं का पिण्ड होने से वे अनन्त प्रदेशी होते हैं।
प्रश्न - काल द्रव्य को एक प्रदेशी क्यों कहा है?
उत्तर - काल के अणु रत्नों की राशि के समान एक-एक अलग रहते हैं क्योंकि एक साथ मिलकर पुद्गल के समान पिण्ड होने की शक्ति काल में नहीं है इसलिए काल एक प्रदेशी कहा गया है और वह कायवान नहीं है।
प्रश्न - समुद्घात किसे कहते हैं?
उत्तर - मूल शरीर को छोड़कर आत्मा के प्रदेशों का शरीर के बाहर निकलने का नाम समुद्घात है।
प्रश्न - समुद्घात के कितने भेद हैं?
उत्तर - समुद्घात के सात भेद हैं-वेदना, कषाय, विक्रिया, मारणान्तिक, तैजस, आहारक और केवली।
प्रश्न - वेदना समुद्घात किसे कहते हैं?
उत्तर - तीव्र वेदना से मूल शरीर को न छोड़कर आत्म प्रदेशों का बाहर निकलना वेदना समुद्घात कहलाता है।
प्रश्न - कषाय समुद्घात का लक्षण क्या है?
उत्तर - तीव्र कषाय से आत्म प्रदेशों का बाहर निकलना कषाय समुद्घात है।
प्रश्न - वैक्रियिक समुद्घात क्या होता है?
उत्तर - अनेक रूप बनाने के लिए आत्म प्रदेशों का बाहर निकलना वैक्रियिक समुद्घात कहलाता है।
प्रश्न - मारणान्तिक समुद्घात किसे कहते हैं?
उत्तर - शरीर में रहते हुए भी आगे के जन्मस्थान के स्पर्श हेतु प्रदेशों का बाहर जाना मारणांतिक समुद्घात कहा गया है।
प्रश्न -तैजस समुद्घात का क्या कार्य होता है?
उत्तर - रोगादि से दु:खी देख संयमी मुनि के दया के उत्पन्न होने पर मुनि के दाहिने कंधे से जो पुतला निकलकर रोगादि को नष्ट कर दे वह शुभ तैजस है। क्रोधादि के निमित्त से संयमी मुनि के बाएँ कंधे से पुतला निकलकर उस देश को भस्म करके मुनि को भी भस्म कर दे वह अशुभ तैजस समुद्घात कहलाता है।
प्रश्न - आहारक समुद्घात किसके होता है?
उत्तर - ऋद्धिधारी मुनि के किसी विषय में सूक्ष्म शंका आदि होने पर मस्तक से जो पुतला निकलकर केवली के पादमूल में जाकर वापस आ जावे और समाधान हो जावे वह आहारक समुद्घात है।
प्रश्न - केवली समुद्घात का लक्षण बताएँ?
उत्तर - केवली भगवान के आयु की स्थिति अन्तर्मुहूर्त रहने पर और नाम, कर्मादि की स्थिति अधिक होने पर बराबर करने के लिए दण्ड कपाट प्रतर और लोकपूरण क्रिया का होना केवली समुद्घात है।
एयपदेसो वि अणू, णाणाखंधप्पदेसदो होदि।
बहुदेसो उवयारा, तेण य काओ भणंति सव्वण्हू।।२६।।
जो एक प्रदेशी भी अणु है, वह कारण बहु स्कंध का।
उपचार विधी से कहलाता, वह बहुत प्रदेशी जो होगा।।
इसलिए काय संज्ञा अणु की, सर्वज्ञ देव बतलाते हैं।
पर काल द्रव्य में बहु प्रदेश की, शक्ति भी नहिं पाते हैं।।२६।।
अर्थ - एक प्रदेशी भी अणु नानाप्रदेश रूप का कारण होने से वह उपचार से बहुप्रदेशी माना है। इसीलिए सर्वज्ञदेव उसे ‘काय’ कहते हैं। भावार्थ-यद्यपि परमाणु में एक प्रदेश ही है फिर भी वह स्कं स्कंधने की शक्ति रखता है इसीलिए उस परमाणु को भी उपचार से बहुप्रदेशी मानकर काय कहा है। उस हेतु से वह अस्तिकाय माना गया है। किन्तु कालद्रव्य उपचार से भी बहुप्रदेशी नहीं हो सकता है अत: अस्ति है, काय नहीं है।
प्रश्न - परमाणु किसको कहते हैं?
उत्तर - जिसका दूसरा टुकड़ा न हो ऐसे अविभागी पुद्गल की अन्तिम अवस्था को परमाणु कहते हैं।
प्रश्न - एक प्रदेशी परमाणु बहु प्रदेशी कैसे कहा जाता है?
उत्तर - यद्यपि पुद्गल एक प्रदेशी है-तथापि नाना प्रकार के दो अणु आदि स्कंध- रूप बहुत प्रदेशी का कारण होने से पुद्गल को उपचार से बहुप्रदेशी कहा है।
प्रश्न - उपचार किसे कहते हैं?
उत्तर - किसी वस्तु को किसी निमित्त स्वभाव से भिन्नरूप कहना उपचार कहलाता है। जैसे-शुद्ध पुद्गल परमाणु स्वभाव से एकप्रदेशी है किन्तु अन्य के (पुद्गलों के) संयोग से वह (संख्यात, असंख्यात, अनंत) बहुप्रदेशी कहलाता है।
प्रश्न - जैसे परमाणु का परस्पर बंध होता है, वैसे कालाणु का क्यों नहीं होता ?
उत्तर - जिस प्रकार पुद्गल परमाणु में परस्पर बंध का कारण स्निग्धत्व- रुक्षत्व है। वैसे-कालाणु में परस्पर बंध का कारण स्निग्ध और रुक्षत्व नहीं है अत: कालाणु में परस्पर बंध नहीं होता।
प्रश्न - परमाणु किसको कहते हैं ?
उत्तर - जिसका दूसरा टुकड़ा न हो, ऐसे निर्विभाग पुद्गल की अन्तिम अवस्था को परमाणु कहते हैं।
जावदियं आयासं, अविभागी पुग्गलाणु वट्ठद्धं।
तं खु पदेसं जाणे, सव्वाणुट्ठाणदाणरिहं।।२७।।
इस जितने मात्र नभस्थल को, अविभागी इक पुद्गल अणु ने।
रोका है उतने नभ को ही, इक प्रदेश संज्ञा दी प्रभु ने।।
ऐसा जो एक प्रदेश कहा, वह युगपत् सब परमाणु को।
ठहरा सकता है अपने में, तुम जानो इतना क्षम इसको।।२७।।
अर्थ - जितना मात्र आकाश एक अविभागी पुद्गल के परमाणु से रुका हुआ है उतने मात्र को तुम प्रदेश जानो। वह प्रदेश भी सभी परमाणुओं को ठहराने में समर्थ हो सकता है। भावार्थ-आकाश में एक प्रदेश में अनन्त परमाणुओं का स्वंâध भी रह सकता है। आकाश में ऐसी अवकाश देने की योग्यता विद्यमान है।
प्रश्न - प्रदेश किसको कहते हैं?
उत्तर - जितने आकाश क्षेत्र को परमाणु रोकता है-उतने आकाश क्षेत्र को प्रदेश कहते हैं।
प्रश्न - असंख्यातप्रदेशी लोक में अनन्त जीव, अनन्तानन्त पुद्गल कैसे रहते हैं?
उत्तर - यह आकाश द्रव्य में रहने वाले अवगाहन गुण का प्रभाव है। एक निगोदिया जीव के शरीर में सिद्धराशि से अनन्त गुणे जीव समाये हुए हैं। इसी प्रकार असंख्यातप्रदेशी लोकाकाश में अनन्तानन्त जीव और उनसे भी अनन्त गुणे पुद्गल समाये हुए हैं।
प्रश्न - जीव, पुद्गल, धर्म, अधर्म, आकाश और काल द्रव्यों की संख्या बताइये?
उत्तर - जीव-अनन्तानन्त हैं। पुद्गल-जीव द्रव्य से अनन्तगुणे पुद्गल हैं। धर्मद्रव्य, अधर्म द्रव्य-एक-एक हैं। आकाश-एक अखण्ड द्रव्य है। छ: द्रव्यों के निवास की अपेक्षा इसके दो भेद हैं-१. लोकाकाश, २. अलोकाकाश। कालद्रव्य-असंख्यात हैं।
प्रश्न - जीव और पुद्गल के संयोग से होने वाली पर्याय कौन-कौन हैं ?
उत्तर - जीव और पुद्गल की संयोगज पर्याय है आस्रव और बंध।
प्रश्न - जीव और पुद्गल वियोगज पर्याय कौन सी है ?
उत्तर - जीव और पुद्गल के वियोग से उत्पन्न होने वाली पर्याय है-मोक्ष।
प्रश्न - उन दोनों की विभागज पर्याय कौन सी है ?
उत्तर - जीव और पुद्गल की विभागज पर्याय है संवर और निर्जरा।
आसव बंधणसंवर-णिज्जरमोक्खा सपुण्णपावा जे।
जीवाजीव-विसेसा, तेवि समासेण पभणामो।।२८।।
हैं जीव अजीव इन्हीं दो के, सब भेद विशेष कहे जाते।
वे आस्रव बंध तथा संवर, निर्जरा मोक्ष हैं कहलाते।।
ये सात तत्त्व हो जाते हैं, इनमें जब मिलते पुण्य पाप।
तब नौ पदार्थ होते इनको, संक्षेप विधि से कहूँ आज।।२८।।
अर्थ - जीव और अजीव के विशेष भेद रूप आस्रव, बन्ध, संवर, निर्जरा और मोक्ष होते हैं। ये पुण्य और पाप से सहित भी हैं। इन सबको हम संक्षेप से कहते हैं।
भावार्थ - जीव और अजीव के ही विशेष भेद आस्रव आदि रूप हैं जो कि सात तत्त्व हैं। उनमें पुण्य-पाप मिलाने से नव पदार्थ हो जाते हैं।
प्रश्न - मूल में द्रव्य कितने होते हैं?
उत्तर - दो हैं-१. जीव, २. अजीव।
प्रश्न - तत्त्व के कितने भेद हैं?
उत्तर - तत्त्व सात हैं-१. जीव, २. अजीव, ३. आस्रव, ४. बन्ध, ५. संवर, ६. निर्जरा और ७. मोक्ष
प्रश्न - पदार्थ कितने हैं?
उत्तर - सात तत्त्वों में पुण्य-पाप को मिलाने पर-जीव, अजीव, आस्रव, बंध, संवर, निर्जरा, मोक्ष, पुण्य और पाप ये नौ पदार्थ कहलाते हैं।
प्रश्न - जीव तत्त्व के कितने भेद हैं ?
उत्तर - जीव तत्त्व के तीन भेद हैं-बहिरात्मा, अन्तरात्मा और परमात्मा।
प्रश्न - बहिरात्मा किसे कहते हैं ?
उत्तर - शरीर और आत्मा को एक मानने वाला बहिरात्मा है। मिथ्यादृष्टि, जीव बहिरात्मा कहलाता है।
प्रश्न - अन्तरात्मा किसे कहते हैं ?
उत्तर - चतुर्थ गुणस्थानवर्ती सम्यग्दृष्टि से लेकर बारहवें गुणस्थान तक के जीव अन्तरात्मा हैं।
प्रश्न - परमात्मा किसको कहते हैं ?
उत्तर - अरिहंत और सिद्ध को परमात्मा कहते हैं। शरीर सहित होने से अरिहंत को सकल परमात्मा कहते हैं और कल (शरीर) से नि: (रहित) होने से सिद्धों को निकल परमात्मा कहते हैं।
प्रश्न - अजीव तत्त्व के कितने भेद हैं ?
उत्तर - अजीव तत्त्व के पाँच भेद हैं-पुद्गल, धर्म, अधर्म, आकाश और काल।
प्रश्न - आस्रव किसको कहते हैं ?
उत्तर - कर्मों के आने को आस्रव कहते हैं।
प्रश्न - आस्रव के कितने भेद हैं ?
उत्तर - आस्रव के दो भेद हैं-द्रव्यास्रव और भावास्रव।
प्रश्न - द्रव्यास्रव किसको कहते हैं ?
उत्तर - मिथ्यात्वादि के कारण जो पुद्गल कार्माण वर्गणा आती है, वह द्रव्यास्रव है।
प्रश्न - भावास्रव किसको कहते हैं ?
उत्तर - मिथ्यात्वादि भावों को भावास्रव कहते हैं।
प्रश्न - बंध किसको कहते हैं ?
उत्तर - आत्मा के साथ दूध पानी की भाति कर्मों का मिल जाना बंध कहलाता है।
प्रश्न - बंध के कितने भेद हैं ?
उत्तर - बंध के दो भेद हैं-द्रव्य बंध और भाव बंध।
प्रश्न - द्रव्य बंध किसे कहते हैं ?
उत्तर - आत्म प्रदेश और कर्मों का परस्पर प्रवेश हो जाना द्रव्य बंध है।
प्रश्न - भाव बंध किसको कहते हैं ?
उत्तर - जिन चेतन भावों से कर्म बंधते हैं, वह परिणाम भाव बंध है।
प्रश्न - संवर किसको कहते हैं ?
उत्तर - कर्मों के निरोध को संवर कहते हैं या आस्रव का रुक जाना ही संवर है।
प्रश्न - संवर के कितने भेद है ?
उत्तर - संवर के दो भेद हैं-द्रव्य संवर और भाव संवर।
प्रश्न - द्रव्य संवर किसको कहते हैं ?
उत्तर - ज्ञानावरणादि कर्मों के आगमन का निरोध द्रव्य संवर है।
प्रश्न - भाव संवर किसे कहते हैं ?
उत्तर - आत्मा के जिन चैतन्य भावों से द्रव्य कर्म का आना रुकता है, वह भाव संवर है।
प्रश्न - निर्जरा किसको कहते हैं ?
उत्तर - एकदेश कर्मों के क्षय को निर्जरा कहते हैं।
प्रश्न - निर्जरा के कितने भेद हैं ?
उत्तर - निर्जरा के दो भेद हैं-द्रव्य निर्जरा और भाव निर्जरा।
प्रश्न - द्रव्य निर्जरा किसको कहते हैं ?
उत्तर - पूर्वबद्ध कर्मों का झड़ जाना, आत्मा से पृथव् हो जाना द्रव्य निर्जरा है।
प्रश्न - द्रव्य निर्जरा के कितने भेद हैं ?
उत्तर - दो भेद हैं-सविपाक और अविपाक।
प्रश्न - सविपाक निर्जरा किसे कहते हैं ?
उत्तर - अपनी अवधि पूर्ण होने पर स्वत: कर्मों का उदय में आना और फल देकर झड़ जाना सविपाक निर्जरा है।
प्रश्न - अविपाक निर्जरा किसे कहते हैं ?
उत्तर - तप आदि विशिष्ट साधना से बलात्कर्मों का उदय में आकर झड़ जाना अविपाक निर्जरा है।
प्रश्न - भाव निर्जरा किसे कहते हैं ?
उत्तर - तप आदि विशिष्ट साधना से बलात्कर्मों का उदय में लाकर झड़ जाना अविपाक निर्जरा है।
प्रश्न - भाव निर्जरा किसे कहते हैं ?
उत्तर - आत्मा के जिन परिणामों से एकदेश कर्म छूटते हैं, उन परिणामों को भाव निर्जरा कहते हैं।
प्रश्न - मोक्ष किसको कहते हैं ?
उत्तर - संवर द्वारा नवीन कर्मों का आगमन रुक जाने पर और निर्जरा द्वारा पूर्वबद्ध कर्मों के क्षीण हो जाने पर आत्मा की पूर्ण निष्कर्म दशा प्राप्त हो जाती है-आत्मा कर्म उपाधि से रहित हो जाती है, उसको मोक्ष कहते हैं।
प्रश्न - मोक्ष के कितने भेद हैं ?
उत्तर - मोक्ष के दो भेद हैं-द्रव्य मोक्ष और भाव मोक्ष।
प्रश्न - द्रव्यमोक्ष किसको कहते हैं ?
उत्तर - ज्ञानावरणादि आठो कर्मों से आत्मा का पृथक् हो जाना द्रव्यमोक्ष है।
प्रश्न - भावमोक्ष किसे कहते हैं ?
उत्तर - कर्म आगमन के कारणभूत राग-द्वेषादि भावों का नाश हो जाना भावमोक्ष है।
प्रश्न - पुण्य किसको कहते हैं ?
उत्तर - जो आत्मा को पवित्र करता है अथवा पवित्रता की ओर ले जाता है, वह पुण्य कहलाता है।
प्रश्न - पुण्य के कितने भेद हैं ?
उत्तर - पुण्य के दो भेद हैं-भाव पुण्य और द्रव्य पुण्य।
प्रश्न - द्रव्य पुण्य किसे कहते हैं ?
उत्तर - कर्मजन्य पुण्य प्रकृतियों को द्रव्य पुण्य कहते हैं।
प्रश्न - भाव पुण्य किसे कहते हैं ?
उत्तर - जीव के जिन परिणामों से शुभ कर्म प्रकृतियों का आगमन होता है, वह परिणाम भाव पुण्य है।
प्रश्न - पाप किसे कहते हैं ?
उत्तर - जो आत्मा को शुभ क्रियाओं में नहीं जाने देता, जो आत्मा का पतन करता है, वह पाप कहलाता है।
प्रश्न - पाप के कितने भेद है ?
उत्तर - पाप के दो भेद हैं-भाव पाप और द्रव्य पाप।
प्रश्न - भाव पाप किसे कहते हैं ?
उत्तर - मिथ्यात्व आदि जीव के परिणामों को भाव पाप कहते हैं ?
प्रश्न - द्रव्य पाप किसे कहते हैं ?
उत्तर - मिथ्यात्वादि अशुभ कर्म प्रकृतियों को द्रव्य पाप कहते हैं।
आसवदि जेण कम्मं, परिणामेणप्पणो स विण्णेयो।
भावासवो जिणुत्तो, कम्मासवणं परो होदि।।२९।।
आत्मा के जिन परिणामों से, कर्मों का आना होता है।
जिनराज कथित परिणाम वही, भावास्रव जाना होता है।।
जो कर्मों का आना होता, वह द्रव्यास्रव कहलाता है।
आस्रव के कारण समझ जीव, सब आस्रव से छुट जाता है।।२९।।
अर्थ - आत्मा के जिन परिणामों से कर्म आता है उस परिणाम को जिनेन्द्र द्वारा कहा गया भावास्रव ्नााम से जानना चाहिये। इससे भिन्न कर्मों का आना द्रव्यास्रव होता है।
प्रश्न - आस्रव किसे कहते हैं?
उत्तर - आत्मा में कर्मों का आना आस्रव कहलाता है।
प्रश्न - आस्रव के कितने भेद हैं?
उत्तर - दो भेद हैं-१. भावास्रव, २. द्रव्यास्रव।
प्रश्न - भावास्रव किसे कहते हैं?
उत्तर - मिथ्यात्व, अविरति, प्रमाद, कषाय और योगरूप जिन परिणामों से कर्मों का आस्रव होता है उन परिणामों को भावास्रव कहते हैं।
प्रश्न - द्रव्यास्रव का क्या लक्षण है?
उत्तर - ज्ञानावरणादि पुद्गल कर्मों का आना द्रव्यास्रव कहलाता है।
प्रश्न - द्रव्यास्त्रव और भावास्त्रव में अन्तर क्या है ?
उत्तर - इन दोनों में परस्पर निमित्त-नैमित्तक भाव है। जीव के रागादि भावों का निमित्त पाकर पुद्गल वर्गणा स्वयमेव अपने उपादान से कर्मरूप परिणत हो जाती है और मिथ्यात्व आदि द्रव्यकर्मप्रकृति का निमित्त प्राप्त कर स्वयं परिणमनशील आत्मा अपनी उपादान शक्ति से रागद्वेषरूप परिणमन करता है अत: द्रव्यास्त्रव से भावास्त्रव और भावास्त्रव से द्रव्यास्त्रव होता है।
मिच्छत्ताविरदिपमाद - जोगकोहादओथ विण्णेया।
पण पण पण दह तिय चदु, कमसो भेदा दु पुव्वस्स।।३०।।
मिथ्यात्व पाँच अविरती पाँच, पन्द्रह प्रमाद त्रय योग कहे।
क्रोधादि कषायें चार कहीं, सब मिलकर बत्तीस भेद लहे।।
आत्मा के इन सब भावों से, कर्मों का आस्रव होता है।
जो इन भावों से बचता है, वह द्रव्यास्रव को खोता है।।३०।।
अर्थ - पाँच मिथ्यात्व, पाँच अविरति, पन्द्रह प्रमाद, तीन योग और चार कषाय इस प्रकार क्रम से भावास्रव के बत्तीस भेद जानना चाहिये।
भावार्थ - एकांत, विपरीत, विनय, संशय और अज्ञान ये पाँच मिथ्यात्व हैं। हिंसा, झूठ, चोरी, कुशील और परिग्रह ये पाँच अविरति हैं। चार विकथा, चार कषाय, पाँच इन्द्रियों के विषय, निद्रा और स्नेह ये पन्द्रह प्रमाद हैं। मन, वचन और काय इनके निमित्त से आत्म प्रदेशों का परिस्पंदन ये तीन प्रकार का योग है और क्रोध, मान, माया तथा लोभ ये चार कषायें हैं।
प्रश्न - भावास्रव के कितने भेद हैं?
उत्तर - भावास्रव के पाँच भेद हैं-मिथ्यात्व, अविरति, प्रमाद, कषाय और योग।
प्रश्न - भावास्रव के अन्य और भेद बताइये।
उत्तर - भावास्रव के विस्तार से ३२ भेद हैं-५ मिथ्यात्व, ५ अविरति, १५ प्रमाद, ३ योग, ४ कषाय · ३२।
प्रश्न - मिथ्यात्व किसे कहते हैं? इसके पाँच भेद कौन-से हैं?
उत्तर - तत्त्व का श्रद्धान नहीं होना मिथ्यात्व कहलाता है। इसके पाँच भेद हैं-एकान्त, विपरीत, संशय, वैनयिक एवं अज्ञान।
प्रश्न - एकान्त मिथ्यात्व किसे कहते हैं ?
उत्तर - अनेक धर्मात्मक वस्तु को एकान्तरूप से मानना एकान्त मिथ्यात्व है, जैसे आत्मा नित्य ही है-या अनित्य ही है।
प्रश्न - विपरीत मिथ्यात्व किसे कहते हैं ?
उत्तर - धर्म के स्वरूप का विपरीत श्रद्धान करना-विपरीत मिथ्यात्व हैं, जैसे हिंसादि से स्वर्ग को प्राप्ति मानना।
प्रश्न - विनय मिथ्यात्व किसे कहते हैं ?
उत्तर - विनय का अर्थ सत्कार है-बिना विवेक चाहे जिस किसी का सत्कार करना विनय मिथ्यात्व है।
प्रश्न - संशय मिथ्यात्व किसे कहते हैं ?
उत्तर - वस्तु के स्वरूप का निश्चय न करने वा निरंतर संशयालु रहने को संशय मिथ्यात्व कहते हैं।
प्रश्न - अज्ञान मिथ्यात्व किसे कहते हैं ?
उत्तर - हित एवं अहित की परीक्षा से शून्य विश्वास को अज्ञान मिथ्यात्व कहते हैं।
प्रश्न - अविरति किसे कहते हैं? उसके पाँच भेद कौन-से हैं?
उत्तर - पाँच पापों से विरत (त्याग) नहीं होना अविरति है। उसके पाँच भेद हैं-हिंसा अविरति, असत्य अविरति, चौर्य अविरति, कुशील अविरति और परिग्रह अविरति।
प्रश्न - प्रमाद किसे कहते हैं? इसके पन्द्रह भेद कौन-कौन से हैं?
उत्तर - शुभ क्रियाओं में यत्नपूर्वक-सावधानीपूर्वक प्रवृत्ति नहीं करना प्रमाद है। इसके पन्द्रह भेद हैं-४ विकथा, ४ कषाय, ५ इन्द्रिय विषय, १ निद्रा और १ स्नेह हैं।
प्रश्न - विकथा किसे कहते हैं ?
उत्तर - संयम की विरोधी कथाओं या वाक्य प्रबंधों को विकथा कहते हैं।
प्रश्न - विकथा कितने प्रकार की होती है ?
उत्तर - स्त्रीकथा, भोजनकथा, राष्ट्रकथा, राजकथा, ये चार प्रकार की विकथा होती है।
प्रश्न - कषाय किसे कहते हैं ?
उत्तर - जिससे आत्मा के संयम गुण का घात होता है, जो आत्मा को कषती है, दु:ख देती है, उसे कषाय कहते हैं-उसके चार भेद है-क्रोध, मान, माया, लोभ।
प्रश्न - इन्द्रियाँ किसे कहते हैं ?
उत्तर - जो आत्मा का चिन्ह है-जिसके द्वारा कर्म कल्मष आत्मा रस-रूप आदि को ग्रहण करता है, उन्हें इन्द्रियाँ कहते हैं। स्पर्शन, रसना, घ्राण, चक्षु और कर्ण ये पाँच इन्द्रियाँ होती हैं।
प्रश्न - निद्रा किसे कहते हैं ?
उत्तर - स्पर्शन, रसना आदि पाँचों इन्द्रियाँ जब अपने-अपने विषय को ग्रहण करने में असमर्थ हो जाती हैं, उसको निद्रा कहते हैं।
प्रश्न - योग किसे कहते हैं? उसके कितने भेद हैं?
उत्तर - मन, वचन, काय की क्रिया को योग कहते हैं। इसके तीन भेद हैं-मनोयोग, वचनयोग और काययोग।
णाणावरणादीणं, जोग्गं जं पुग्गलं समासवदि।
दव्वासवो च णेओ, अणेयभेयो जिणक्खादो।।३१।।
ज्ञानावरणादी कर्मों के, जो योग्य कहे पुद्गल जग में।
वे आते हैं उनको समझो, द्रव्यास्रव वह हो क्षण क्षण में।।
श्री जिनवर ने द्रव्यास्रव के, हैं भेद अनेकों बतलाये।
वे आठ तथा इकसौ अड़तालिस, औ असंख्य भी कहलाये।।३१।।
अर्थ - ज्ञानावरण आदि द्रव्य कर्मों के योग्य जो पुद्गल वर्गणाओं का आस्रव होता है उसे द्रव्यास्रव जानना चाहिये। उसके जिनेन्द्रदेव द्वारा कथित अनेक भेद होते हैं अर्थात् कर्म के ज्ञानावरण-दर्शनावरण आदि आठ भेद और मति ज्ञानावरण आदि एक सौ अड़तालिस अथवा असंख्यात लोक प्रमाण भी भेद होते हैं।
प्रश्न - द्रव्यास्रव किसे कहते हैं?
उत्तर - ज्ञानावरणादि आठ कर्मों के योग्य जो पुद्गल परमाणु आते हैं, उन्हें द्रव्यास्रव कहते हैं।
प्रश्न - द्रव्यास्रव कितने प्रकार का है?
उत्तर - द्रव्यास्रव संक्षेप में आठ प्रकार का है-ज्ञानावरण, दर्शनावरण, वेदनीय, मोहनीय, आयु, नाम, गोत्र और अन्तराय।
प्रश्न - द्रव्यास्रव के और कितने भेद हैं?
उत्तर - द्रव्यास्रव के विस्तार से १४८ भेद हैं-ज्ञानावरण ५, दर्शनावरण ९, वेदनीय २, मोहनीय २८, आयु ४, नाम ९३, गोत्र २ और अन्तराय ५ के भेद से १४८ प्रकार का है।
बज्झदि कम्मं जेण दु, चेदणभावेण भावबंधो सो।
कम्मदपदेसाणं अण्णोण्णपवेसणं इदरो।।३२।।
जिन चेतन के परिणामों से, ये कर्म जीव से बंधते हैं।
उन भावों को ही भाव बंध, संज्ञा श्री जिनवर कहते हैं।।
जो कर्म और आतम प्रदेश, इनका आपस में मिल करके।
अति एकमेक हो बंध जाना, यह द्रव्यबंध है बहुविध से।।३२।।
अर्थ - आत्मा के जिन भावों से कर्म बंधता है वह आत्मा का भाव ही भाव बंध कहलाता है, कर्म और आत्मा के प्रदेशों का परस्पर में प्रवेश हो जाना—मिल जाना द्रव्य बंध कहलाता है।
प्रश्न - बन्ध किसे कहते हैं?
उत्तर - जीव कषाय सहित होने से कर्म के योग्य कार्मण वर्गणारूप पुद्गल परमाणुओं को जो ग्रहण करता है, वह बन्ध है।
प्रश्न - बन्ध के कितने भेद हैं?
उत्तर - दो भेद हैं-१. भावबन्ध २.द्रव्यबन्ध
प्रश्न - भावबन्ध किसे कहते हैं?
उत्तर - जिन मिथ्यात्वादि आत्म-परिणामों से कर्म बँधता है वह भावबन्ध कहलाता है।
प्रश्न - द्रव्यबन्ध किसे कहते हैं?
उत्तर - पुद्गल कर्मों से जो कर्मबन्ध होता है उसे द्रव्यबन्ध कहते हैं।
पयडिट्ठिदिअणुभाग-प्पदेसभेदा दु चदुविधो बंधो।
जोगा पयडिपदेसा, ठिदि अणुभागा कसायदो होंति।।३३।।
प्रकृति, स्थिती, अनुभाग बंध, औ प्रदेश बंध ये चार कहे।
इनमें से योगों के वश से, प्रकृती प्रदेश दो बंध कहे।।
होते कषाय से स्थिति औ, अनुभाग बंध बहु दु:खकारी।
इनके ही वश से जीव भ्रमे, अतएव कषाय दु:खकारी।।३३।।
अर्थ - प्रकृति बन्ध, स्थिति बन्ध, अनुभाग बन्ध और प्रदेश बन्ध इन भेदों से बन्ध चार प्रकार का है। इनमें से प्रकृति और प्रदेश बन्ध योग के निमित्त से होते हैं तथा स्थिति और अनुभाग बन्ध कषाय से होते हैं।
प्रश्न - प्रकृतिबन्ध का क्या लक्षण है ?
उत्तर - कर्मों के स्वभाव को प्रकृतिबन्ध कहते हैं। जैसे-ज्ञानावरणादि।
प्रश्न - स्थितिबन्ध किसे कहते हैं ?
उत्तर - ज्ञानावरणादि कर्मों का अपने स्वभाव से च्युत नहीं होना सो स्थितिबन्ध है।
प्रश्न - अनुभागबन्ध किसे कहते हैं ?
उत्तर - ज्ञानावरणादि कर्मों के रस विशेष को अनुभागबन्ध कहते हैं।
प्रश्न - प्रदेशबन्ध किसे कहते हैं ?
उत्तर - ज्ञानावरणादि कर्मरूप होने वाले पुद्गल स्कन्धों के परमाणुओं की संख्या को प्रदेशबन्ध कहते हैं।
प्रश्न - चारों प्रकार के बन्ध किन-किन निमित्तों से होते हैं ?
उत्तर - इन चारों प्रकार के बन्धों में प्रकृति और प्रदेशबन्ध योग के निमित्त से होते हैं तथा स्थिति और अनुभागबन्ध कषाय के निमित्त से होते हैं।
चेदणपरिणामो जो, कम्मस्सासवणिरोहणे हेऊ।
सो भावसंवरो खलु, दव्वासवरोहणे अण्णो।।३४।।
आत्मा का जो परिणाम हुआ, कर्मों का आस्रव रोकन में।
हेतू होता वह कहा भाव-संवर जावे जिनवर वच में।।
जो द्रव्यास्रव के रोधन में, कारण होता है श्रुत ख्याता।
वह कहा द्रव्यसंवर जाता, इन दोनों से भव नश जाता।।३४।।
अर्थ - आत्मा का जो परिणाम कर्मों के आस्रव के रोकने में कारण है वह परिणाम ही भावसंवर है और द्रव्यास्रव के रोकने में जो कारण है वह द्रव्यसंवर कहलाता है।
प्रश्न - संवर के कितने भेद हैं ?
उत्तर - दो भेद हैं-१. भावसंवर २. द्रव्यसंवर।
प्रश्न - भावसंवर किसे कहते हैं ?
उत्तर- आस्रव को रोकने में कारणभूत आत्म-परिणाम भावसंवर है।
प्रश्न - द्रव्यसंवर किसे कहते हैं ?
उत्तर - कर्मरूप पुद्गल द्रव्य का आस्रव रुकना द्रव्यसंवर है।
प्रश्न - संवर किसको होता है ?
उत्तर - संवर तो सम्यग्दृष्टि के ही होता है, क्योंकि कर्म आस्रव के कारण मिथ्यात्व का नाश होता है अत: मिथ्यात्व और अनन्तानुबंधी कषाय से आने वाली इकतालीस कर्म प्रकृतियों का निरोध हो जाता है, कर्म प्रकृतियों का आना रुक जाना ही संवर है, मिथ्यादृष्टि के एक भी प्रकृति का निरोध नहीं होता है।
वदसमिदी गुत्तीओ, धम्माणुपिहा परीसहजओ य।
चारित्तं बहुभेयं, णायव्वा भावसंवरविसेसा।।३५।।
व्रत पाँच समिति भी पाँच-गुप्ति हैं तीन धर्म दशरूप कहे।
अनुप्रेक्षा बारह परिषहजय, बाईस सु चारित पाँच कहे।।
ये कहे भाव संवर जिन ने, सब बासठ भेद समझ लीजे।
इनके पालन से आत्मा में, कर्मास्रव का रोधन कीजे।।३५।।
अर्थ - व्रत, समिति, गुप्ति, धर्म, अनुप्रेक्षा, परीषहजय और बहुत प्रकार के चारित्र ये सब भावसंवर के विशेष भेद जानने चाहिये।
प्रश्न - संक्षेप में भावसंवर के कितने भेद हैं ?
उत्तर - सात भेद हैं-१. व्रत, २. समिति, ३. गुप्ति, ४. धर्म, ५. अनुप्रेक्षा, ६. परिषहजय और ७. चारित्र।
प्रश्न - विस्तार से भावसंवर के कितने भेद हैं ?
उत्तर - विस्तार से भावसंवर के ६२ भेद हैं-५ व्रत, ५ समिति, ३ गुप्ति, १० धर्म, १२ अनुप्रेक्षा, २२ परीषहजय और ५ चारित्र।
प्रश्न - व्रत किसे कहते हैं ? और उनके क्या नाम हैं ?
उत्तर - पाँच पापों का त्याग करना व्रत है। व्रत ५ होते हैं-१. अिंहसाव्रत, २. सत्यव्रत, ३. अचौर्यव्रत, ४. ब्रह्मचर्यव्रत और ५. परिग्रहपरिमाणव्रत।
प्रश्न - समिति किसे कहते हैं ? पाँच समितियाँ कौन-सी हैं ?
उत्तर - जीवों की रक्षा के लिए यत्नाचारपूर्वक प्रवृत्ति करने को समिति कहते हैं। पाँच समितियाँ हैं-१. ईर्या समिति, २. भाषा समिति, ३. एषणा समिति, ४. आदाननिक्षेपण समिति और ५. प्रतिष्ठापना समिति।
प्रश्न - गुप्ति किसे कहते हैं ? उसके भेद बताइये ?
उत्तर - संसार भ्रमण के कारणभूत मन, वचन, काय तीनों योगों का निग्रह करना गुप्ति है। उसके तीन भेद हैं-मनोगुप्ति, वचनगुप्ति तथा कायगुप्ति।
प्रश्न - धर्म किसे कहते हैं ? उसके दस भेद कौन-से हैं ?
उत्तर - जो आत्मा को संसार के दु:खों से छुड़ाकर उत्तम सुख में प्राप्त करावे उसे धर्म कहते हैं। दस धर्म-१. उत्तम क्षमा, २. उत्तम मार्दव, ३. उत्तम आर्जव, ४. उत्तम शौच, ५. उत्तम सत्य, ६. उत्तम संयम, ७. उत्तम तप, ८. उत्तम त्याग, ९. उत्तम आकिञ्चन्य, १०. उत्तम ब्रह्मचर्य।
प्रश्न - अनुप्रेक्षा का लक्षण व उसके बारह भेद बताइये ?
उत्तर - शरीरादिक के स्वरूप का बार-बार चिन्तन करना अनुप्रेक्षा है। बारह अनुप्रेक्षाएँ-१. अनित्य, २. अशरण, ३. संसार, ४. एकत्व, ५. अन्यत्व, ६. अशुचि, ७. आस्रव, ८. संवर, ९. निर्जरा, १०. लोक, ११. बोधिदुर्लभ और १२. धर्म।
प्रश्न - परीषहजय किसे कहते हैं ? उसके बाईस भेदों के नाम बताइये।
उत्तर - क्षुधा, तृषा (भूख-प्यास) आदि की वेदना होने पर कर्मों की निर्जरा के लिए उसे शान्त भावों से सह लेना परीषहजय कहलाता है। बाईस परीषह के नाम-१. क्षुधा, २. तृषा, ३. शीत, ४. उष्ण, ५. दंशमशक, ६. नाग्न्य,७. अरति, ८. स्त्री, ९. चर्या, १०. निषद्या, ११. शय्या, १२. आक्रोश, १३. वध, १४. याचना, १५. अलाभ, १६. रोग, १७. तृणस्पर्श, १८. मल, १९. सत्कार-पुरस्कार, २०. प्रज्ञा, २१. अज्ञान, २२. अदर्शन। इन २२ परीषहों को जीतना २२ प्रकार का परीषहजय है।
प्रश्न - उपसर्ग और परीषह में क्या अन्तर है ?
उत्तर - उपसर्ग कारण है और परीषह कार्य है।
प्रश्न - चारित्र का लक्षण बताकर उसके भेद बताइये ?
उत्तर - कर्मों के आस्रव में कारणभूत बाह्य-आभ्यन्तर क्रियाओं के रोकने को चारित्र कहते हैं। चारित्र पाँच प्रकार का होता है-१. सामायिक, २. छेदोपस्थापना, ३. परिहारविशुद्धि, ४. सूक्ष्मसाम्पराय और ५. यथाख्यात।
जह कालेण तवेण य, भुत्तरसं कम्मपुग्गलं जेण।
भावेण सडदि णेया, तस्सडणं चेदि णिज्जरा दुविहा।।३६।।
जिन परिणामों से यथाकाल, फल देकर पुद्गल कर्म झड़ें।
औ जिन भावों से तप द्वारा, फल दे अकाल में कर्म झड़ें।।
बस भाव निर्जरा कहलाता, है भाव वही ऐसा जानो।
है द्रव्य निर्जरा कर्मों का, झड़ना यह बात सही मानो।।
अर्थ — यथाकाल—काल पूर्ण होने पर और तप के द्वारा जिनका फल भोग लिया है ऐसे पुद्गल कर्म जिन भावों से झड़ जाते हैं उन भावों को भाव निर्जरा जानना चाहिये और पुद्गल कर्मों का झड़ जाना ही द्रव्य निर्जरा है ऐसे निर्जरा के भी दो भेद हैं।
भावार्थ — फल देकर आत्मा से कर्मों का एक देश अलग होना निर्जरा कहलाती है। कर्मों की स्थिति पूरी होने पर जब वे उदय में आते हैं और उनका फल भोग लिया जाता है तब वे निर्जीर्ण हो जाते हैं। वह सविपाक-निर्जरा है तथा अकाल में तप आदि के द्वारा कर्मों का उदय में आकर खिर जाना अविपाक निर्जरा है। ये दोनों भेद भाव-निर्जरा और द्रव्य-निर्जरा दोनों में ही हो जाते हैं।
प्रश्न — निर्जरा किसे कहते हैं ? उसके भेद बताइये।
उत्तर — बँधे हुए कर्मों का एकदेश झड़ना निर्जरा कहलाती है। निर्जरा के दो भेद हैं—१. भाव-निर्जरा, २. द्रव्य-निर्जरा। सविपाक और अविपाक निर्जरा के भेद से भी निर्जरा दो प्रकार की है।
प्रश्न — भाव निर्जरा का स्वरूप बताओ।
उत्तर — जिन परिणामों से बँधे हुए कर्म एकदेश झड़ जाते हैं उन परिणामों को भाव निर्जरा कहते हैं।
प्रश्न — द्रव्य निर्जरा का लक्षण क्या है ?
उत्तर— बँधे हुए द्रव्य कर्मों का एकदेश निर्जीर्ण होना द्रव्य निर्जरा है।
प्रश्न — सविपाक निर्जरा किसे कहते हैं ?
उत्तर — अपनी अवधि पाकर या फल देकर बँधे हुए कर्मों का एकदेश झड़ना सविपाक निर्जरा है। यह निर्जरा समय के अनुसार पककर अपने आप गिरे हुए आम के समान होती है।
प्रश्न — अविपाक निर्जरा का क्या स्वरूप है ?
उत्तर — तपश्चरण के द्वारा समय से पहले ही बँधे हुए कर्मों का एकदेश झड़ना अविपाक निर्जरा है। यह निर्जरा पाल में रखकर पकाये गये आम के समान होती है।
प्रश्न — तप किसे कहते हैं तथा तप के कितने भेद हैं ?
उत्तर — सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्ररूप रत्नत्रय को प्रकट करने के लिये इच्छाओं का निरोध करना तप कहलाता है। मुख्यरूप से तप दो प्रकार का है—१. बाह्य तप तथा २. आभ्यन्तर तप।
प्रश्न — बाह्य तप किसे कहते हैं ?
उत्तर — जो बाहर से देखने में आता है अथवा जिसे सभी लोग पालन करते हैं, वह बाह्य तप है।
प्रश्न — बाह्य तप के कितने भेद हैं ?
उत्तर — बाह्य तप के छह भेद हैं—१. अनशन, २. अवमौदर्य, ३.वृत्तिपरिसंख्यान, ४. रसपरित्याग, ५. विविक्तशय्यासन और ६. कायक्लेश।
प्रश्न — आभ्यन्तर तप किसे कहते हैं ?
उत्तर — जिन तपों का आत्मा से सीधा सम्बन्ध होता है वे आभ्यन्तर तप कहे जाते हैं।
प्रश्न — आभ्यन्तर तप के कितने भेद हैं ?
उत्तर — आभ्यन्तर तप के छह भेद हैं—१. प्रायश्चित, २. विनय, ३. वैय्यावृत्य, ४. स्वाध्याय, ५. व्युत्सर्ग और ६. ध्यान।
प्रश्न — प्रायश्चित तप के कितने भेद हैं, उनके नाम बतायें ?
उत्तर — प्रायश्चित तप के नव भेद होते हैं—१. आलोचना, २. प्रतिक्रमण, ३. तदुभय, ४. विवेक, ५. व्युत्सर्ग, ६. तप, ७. छेद, ८. परिहार, ९. उपस्थापना।
प्रश्न — विनय के भेद तथा नाम बताइये ?
उत्तर — विनय के चार भेद हैं—१. ज्ञान विनय, २. दर्शन विनय, ३. चारित्र विनय तथा ४. उपचार विनय।
प्रश्न — वैय्यावृत्य तप के भेद व नाम बताइये ?
उत्तर — वैय्यावृत्य तप के १० भेद हैं—१. आचार्य, २. उपाध्याय, ३. तपस्वी, ४. शैक्ष्य, ५. ग्लान, ६. गण, ७. कुल, ८. संघ, ९. साधु, १०. मनोज्ञ। इन दस प्रकार के मुनियों की सेवा करना दस प्रकार का वैय्यावृत्य है।
प्रश्न — स्वाध्याय तप के भेद व नाम बताओ ?
उत्तर — स्वाध्याय तप पाँच प्रकार का है—१. वाचना, २. पृच्छना, ३. अनुप्रेक्षा, ४. आम्नाय और ५. धर्मोपदेश।
प्रश्न — व्युत्सर्ग तप के भेद व नाम बताइये ?
उत्तर — व्युत्सर्ग तप के दो भेद हैं—बाह्य और आभ्यन्तर। धन-धान्यादि बाह्य परिग्रहों का त्याग बाह्य व्युत्सर्ग है तथा क्रोधादि अशुभ भावों का त्याग करना आभ्यन्तर व्युत्सर्ग तप है।
प्रश्न — ध्यान तप के भेद व नाम बताओ ?
उत्तर — ध्यान तप के चार भेद हैं—१. आत्र्त ध्यान, २. रौद्र ध्यान, ३. धम्र्य ध्यान और ४. शुक्ल ध्यान।
सव्वस्स कम्मणो जो, खयहेदू अप्पणो हु परिणामो।
णेओ स भावमोक्खो, दव्वविमोक्खो य कम्मपुधभावो।।३७।।
जो निज आत्मा का भाव सभी, कर्मों के क्षय में हेतू है।
बस भाव वही है भाव मोक्ष, जो अक्षय सुख में हेतू है।।
आत्मा से कर्म पृथक् होना, सो द्रव्य मोक्ष कहलाता है।
बस इसीलिये इन तत्त्वों का, श्रद्धान कराया जाता है।।
अर्थ — आत्मा का जो परिणाम सभी कर्मों के क्षय में हेतु है, उस परिणाम को ही भाव मोक्ष जानना चाहिये और आत्मा से कर्मों का पृथक् हो जाना ही द्रव्य मोक्ष कहलाता है।
प्रश्न — मोक्ष किसे कहते हैं ? इसके भेद बताइये।
उत्तर — समस्त कर्मों का आत्मा से अलग हो जाना मोक्ष कहलाता है। मोक्ष के दो भेद हैं—भाव मोक्ष तथा द्रव्य मोक्ष।
प्रश्न — मोक्ष कौन प्राप्त करते हैं ?
उत्तर — भव्य जीव कर्मरहित होकर मोक्ष प्राप्त कर लेते हैं।
प्रश्न — क्या संसार के सभी जीव मोक्ष प्राप्त कर सकते हैं ?
उत्तर — नहीं, भव्य जीवों में ही मोक्ष प्राप्त करने की योग्यता होती है।
प्रश्न — भव्य किसे कहते हैं ?
उत्तर— जिसमें सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्ररूप रत्नत्रय को प्राप्त करने की योग्यता है, वे भव्य कहलाते हैं।
सुह असुह भावजुत्ता, पुण्णं पावं हवंति खलु जीवा।
सादं सुहउणाणं, गोदं पुण्णं पराणि पावं च।।३८।।
शुभ भाव सहित ये जीव नियम से, पुण्यरूप हो जाते हैं।
औ अशुभ भाव से पापरूप, मिल नव पदार्थ कहलाते हैं।।
साता प्रकृति शुभ आयु नाम, शुभ गोत्र सुपुण्य प्रकृतियाँ हैं।
इनसे उल्टी जो अशुभ आयु, नामादिक पाप प्रकृतियाँ हैं।।३८।।
अर्थ — शुभ और अशुभ भावों सहित जीव नियम से पुण्यरूप और पापरूप होते हैं। साता वेदनीय, शुभ आयु, शुभ नाम और शुभ गोत्र ये पुण्यरूप हैं, इनसे भिन्न शेष कर्म पापरूप होते हैं।
भावार्थ — पुण्य और पाप पदार्थ भी भाव और द्रव्य की अपेक्षा दो-दो भेदरूप हो जाते हैं। उनमें से जीव के जो शुभ-अशुभ भाव हैं वे भाव पुण्य और भाव पाप हैं तथा पुद्गल कर्म की प्रकृतियों में से पुण्य प्रकृतियाँ द्रव्य-पुण्य और पाप प्रकृतियाँ द्रव्य-पाप हैं ऐसा समझना चाहिये।
प्रश्न — पुण्य कितने प्रकार का होता है ?
उत्तर — पुण्य दो प्रकार का होता है—भावपुण्य और द्रव्यपुण्य।
प्रश्न — पाप कितने प्रकार का माना गया है ?
उत्तर — पाप दो प्रकार का माना गया है—भावपाप और द्रव्यपाप।
प्रश्न — भावपुण्य और द्रव्यपुण्य का क्या लक्षण है ?
उत्तर — शुभ भावों को धारण करने वाले जीव भावपुण्य कहलाते हैं तथा कर्मों की प्रशस्त प्रकृतियों को द्रव्यपुण्य कहते हैं।
प्रश्न — शुभ भाव कौन से हैं ?
उत्तर — जीवों की रक्षा करना, सत्य बोलना, चोरी नहीं करना, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह, अरहन्त भगवान की भक्ति करना, पंचपरमेष्ठी को नमन करना, गुरुभक्ति, वैय्यावृत्य, दान, दया, मैत्री, प्रमोद आदि शुभ भाव हैं।
प्रश्न — अशुभ भाव कौन से कहलाते हैं ?
उत्तर — हिंसा, झूठ, चोरी आदि पाँच पाप करना, देव-शास्त्र-गुरु की उपासना नहीं करना, गुरुओं की निन्दा करना, दान, दया, संयम, तपादि का पालन नहीं करना, क्रोध, मान, माया, लोभादि पापरूप भाव अशुभ भाव कहलाते हैं।
प्रश्न — पाप प्रकृतियाँ कितनी और कौनसी हैं ?
उत्तर — पाप प्रकृतियाँ १०० हैं—घातिया कर्म की ४७, असातावेदनीय १, नीचगोत्र १, नरकायु १ और नामकर्म की ५० (नरकगति १, नरकगत्यानुपूर्वी १, तिर्यग्गति १, तिर्यग्गत्यानुपूर्वी १, जाति में से आदि की ४ जातियाँ, संस्थान-अन्त के ५, संहनन-अंत के ५, स्पर्शादिक अशुभ २०, उपघात १, अप्रशस्त विहायोगति १, स्थावर १, सूक्ष्म १, अपर्याप्त १, अनादेय १, अयश:कीर्ति १, अस्थिर १, अशुभ १, दुर्भग १, दु:स्वर १ और साधारण १)।
प्रश्न — पुण्य प्रकृतियाँ कितनी हैं और उनके क्या नाम हैं ?
उत्तर — पुण्य प्रकृतियाँ ६८ हैं—सातावेदनीय १, तिर्यंच-मनुष्य-देवायु ३, उच्चगोत्र १, मनुष्य गति १, मनुष्यगत्यानुपूर्वी १, देवगति १, देवगत्यानुपूर्वी १, पंचेन्द्रिय जाति १, शरीर ५, बंधन ५, संघात ५, अंगोपांग ३, शुभ वर्ण, गंध, रस, स्पर्श इन ४ के २० भेद, समचतुरस्रसंस्थान १, वङ्काऋषभनाराच संहनन, उपघात के बिना अगुरुलघु आदि ५ तथा प्रशस्तविहायोगति १, त्रस आदिक १२।
सम्मद्दंसण णाणं, चरणं मोक्खस्स कारणं जाणे।
ववहारा णिच्चयदो, तत्तियमइयो णिओअप्पा।।३९।।
सम्यग्दर्शन और ज्ञान चरित, ये मुक्ती के कारण जानो।
व्यवहार नयापेक्षा कहना, तीनों के लक्षण पहिचानो।।
इन रत्नत्रयमय निज आत्मा, निश्चय से शिव पथ का कारण।
इन उभय नयों के समझे बिन, निंह होता शिव पथ का साधन।।३९।।
अर्थ — सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्र व्यवहारनय से ये मोक्ष के कारण हैं और निश्चयनय से इन रत्नत्रय से परिणत हुई अपनी आत्मा ही मोक्ष का कारण है, ऐसा तुम जानो।
प्रश्न — मोक्ष क्या है ?
उत्तर — आत्मा से आठों कर्मों का पूर्णरूप से अलग हो जाना मोक्ष है।
प्रश्न — मोक्ष मार्ग कितने प्रकार का है?
उत्तर — दो प्रकार का है-व्यवहार मोक्षमार्ग और निश्चय मोक्षमार्ग।
प्रश्न — व्यवहार मोक्षमार्ग किसे कहते हैं ?
उत्तर — व्यवहारनय से सम्यक्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्र मोक्षमार्ग है।
प्रश्न — निश्चय मोक्षमार्ग क्या है ?
उत्तर — रत्नत्रय युक्त आत्मा को निश्चय मोक्षमार्ग कहते हैं।
रयणत्तयं ण वट्टइ, अप्पाणं मुयत्तु अण्णदवियम्हि।
तम्हा तत्तियमइयो, होदि हु मोक्खस्स कारणं आदा।।४०।।
आत्मा को छोड़ न रह सकता, यह रत्नत्रय परद्रव्यों में।
अतएव इन्हीं रत्नत्रयमय, आत्मा ही हेतू मुक्ती में।।
निज शुद्ध चिदात्मा की श्रद्धा, सुज्ञान उसी में रत होना।
यह निश्चय रत्नत्रय होता, एकाग्रमयी परिणति होना।।४०।।
अर्थ — आत्मा को छोड़कर रत्नत्रय अन्य द्रव्यों में नहीं रहता है, इसीलिए वह रत्नत्रयमय आत्मा ही मोक्ष का कारण होता है। अर्थात् आत्मा से अतिरिक्त रत्नत्रय अन्यत्र नहीं रह सकता है इसी हेतु से यह आत्मा निश्चय मोक्षमार्ग माना गया है।
प्रश्न — निश्चयनय से रत्नत्रययुक्त आत्मा ही मोक्ष का कारण क्यों है ?
उत्तर — क्योंकि रत्नत्रय आत्मा अर्थात् जीवद्रव्य को छोड़कर अन्य में नहीं पाया जाता है।
प्रश्न — वे रत्नत्रय कौन से हैं ?
उत्तर — १. सम्यग्दर्शन २. सम्यक्ज्ञान ३. सम्यक्चारित्र।
प्रश्न - निश्चय मोक्षमार्ग किसे कहते हैं ?
उत्तर - अभेद रत्नत्रय को निश्चय मोक्षमार्ग कहते हैं।
प्रश्न - अभेद रत्नत्रय किसे कहते हैं ?
उत्तर - जिसमें सम्यग्दर्शन, सम्यग्ज्ञान और सम्यक्चारित्र का भेद नहीं है, अभेदरूप परिणति है, उसको अभेद रत्नत्रय कहते हैं।
प्रश्न - व्यवहार मोक्षमार्ग किसे कहते हैं ?
उत्तर - भेदरूप रत्नत्रय के पालन को व्यवहार मोक्षमार्ग कहते हैं।
जीवादीसद्दहणं, सम्मत्तं रूवमप्पणो तं तु।
दुरभिणिवेसविमुक्वं, णाणं सम्मं खु होदि सदि जम्हि।।४१।।
जीवादी तत्त्वों की श्रद्धा, करना सम्यक्त्व कहाता है।
वह आत्मा का ही है स्वरूप, जो निज में निज को पाता है।।
जिसके होने पर निश्चित ही, संशय आदि से रहित ज्ञान।
सम्यक् हो जाता है उसको, सम्यग्दर्शन समझो महान।।४१।।
अर्थ — जिसके होने पर ज्ञान दुरभिप्राय रहित समीचीन हो जाता है, ऐसा जीवादि तत्त्वों का श्रद्धान करना सम्यग्दर्शन है, जो कि आत्मा का स्वरूप ही है। अर्थात् सम्यक्त्व के होने पर ही ज्ञान सम्यग्ज्ञान होता है अन्यथा नहीं।
प्रश्न — सम्यग्दर्शन किसे कहते हैं ?
उत्तर — जीव, अजीव, आस्रव, बंध, संवर, निर्जरा और मोक्ष इन सात तत्त्वो का श्रद्धान करना सम्यग्दर्शन है।
प्रश्न — आत्मा का वास्तविक स्वरूप क्या माना गया है ?
उत्तर — सम्यक्दर्शन आत्मा का वास्तविक स्वरूप होता है।
प्रश्न — ज्ञान में समीचीनता कैसे आती है ?
उत्तर — सम्यक्दर्शन के होने पर सम्पूर्ण ज्ञान समीचीन या सम्यक्ज्ञान बन जाता है।
प्रश्न — सम्यक्ज्ञान निर्दोष कैसे बनता है ?
उत्तर — १. संशय २. विपर्यय और ३. अनध्यवसाय, ये तीन चीजें जब ज्ञान में नहीं होती हैं तब वह ज्ञान, सम्यग्ज्ञान निर्दोष बनता है।
प्रश्न - दुरभिनिवेश किसे कहते हैं ?
उत्तर - संशय, विपर्यय और अनध्यवसाय को दुरभिनिवेश कहते हैं।
प्रश्न — संशय किसे कहते हैं ?
उत्तर — विरुद्ध नाना कोटि के स्पर्श करने वाले ज्ञान को संशय कहते हैं। इसके होने पर किसी पदार्थ का निश्चय नहीं हो पाता, क्योंकि इसके होने पर बुद्धि सो जाती है-‘समीचीनतया बुद्धि: शेते यस्मिन् स: संशय:।’
प्रश्न — विपर्यय किसे कहते है ?
उत्तर — विपरीत एक कोटि को स्पर्श करने वाला ज्ञान विपर्यय कहलाता है। जैसे-सीप को चाँदी समझ लेना।
प्रश्न — संशय और विपर्यय में क्या अन्तर है ?
उत्तर — संशय में सीप है या चाँदी ? ऐसा संशय बना रहता है। निर्णय नहीं हो पाता, परन्तु विपर्यय में एक कोटि का निश्चय होता है। जैसे-सीप को सीप न समझकर चाँदी समझ लेना।
प्रश्न — अनध्यवसाय किसे कहते हैं ?
उत्तर — अध्यवसाय का अर्थ है निश्चय और इसका न होना अनध्यवसाय कहलाता है। जैसे रास्ते में चलते समय पैरों के नीचे अनेक चीजें आती हैं, पर उनमें से निश्चय किसी एक का भी नहीं हो पाता है, यही ज्ञान अनध्यवसाय कहलाता है।
प्रश्न - ज्ञान सम्यग्ज्ञान रूप कब होता है ?
उत्तर - सम्यग्दर्शन के होने पर ज्ञान सम्यग्ज्ञान होता है।
प्रश्न - सम्यग्दर्शन आत्मा का स्वरूप क्यों है ?
उत्तर - आत्मा को छोड़कर अन्य द्रव्यों में सम्यग्दर्शन नहीं होता, इसलिए सम्यग्दर्शन आत्मा का स्वरूप है।
संसयविमोह विब्भम, विवज्जियं अप्पपरसरूवस्स।
गहणं सम्मं णाणं; सायार-मणेयभेयं च।।४२।।
संशय विपरीत तथा विभ्रम, इन दोषों से वर्जित होकर।
अपने स्वरूप औ परस्वरूप को, ग्रहण करे निश्चित होकर।।
सविकल्प रूप बहु भेद सहित, वह सम्यग्ज्ञान कहाता है।
जो स्वपर प्रकाशी ज्ञान सदा, निज पर का भान कराता है।।४२।।
अर्थ — आत्मा के स्वरूप का और पर के स्वरूप का संशय, विपरीत और अनध्यवसाय रहित ग्रहण करना-जैसे का तैसा जानना सो सम्यग्ज्ञान है जोकि साकार-सविकल्प और अनेक भेद सहित है।
भावार्थ — पदार्थ के आकार का ‘यह घट है’ इत्यादि विकल्प रूप जानना यह ज्ञान का लक्षण है।
प्रश्न — सम्यक्ज्ञान किसे कहते हैं ?
उत्तर — संशय, विपर्यय और अनध्यवसाय रहित व आकार सहित अपने और पर के स्वरूप का जानना सम्यक्ज्ञान कहलाता है।
प्रश्न — सम्यक्ज्ञान के कितने भेद हैं ?
उत्तर — पाँच भेद हैं—(१) मतिज्ञान, (२) श्रुतज्ञान, (३) अवधिज्ञान, (४) मन:-पर्ययज्ञान और (५) केवलज्ञान।
प्रश्न - श्रुतज्ञान के दो भेद कौन से हैं ?
उत्तर - अंगबाह्य और अंगप्रविष्ट के भेद से श्रुतज्ञान दो प्रकार का है।
प्रश्न - अंगबाह्य श्रुतज्ञान किसे कहते हैं ?
उत्तर - जो आरातीय (कुन्दकुन्दादि) आचार्यो के द्वारा रचित है, वह अंग- बाह्य कहलाता है।
प्रश्न - अंगबाह्य के कितने भेद हैं ?
उत्तर - अंगबाह्य को प्रकीर्णक कहते हैं, उसके चौदह भेद हैं। वह चौदह भेद निम्न प्रकार हैं-सामायिक, चतुर्विंशति संस्तवन, वंदना, प्रतिक्रमण, वैनयिक, कृतिकर्म, दशवैकालिक, अनुत्तराध्ययन, कल्पव्यवहार, कल्पाकल्प, महाकल्प, पुण्डरीक, महापुण्डरीक और अशीतिक।
प्रश्न - अंग प्रविष्ट किसे कहते हैं ?
उत्तर - जो गणधर के द्वारा तथा पूर्वधर के द्वारा रचित हैं, वह अंग प्रविष्ट कहलाते हैं।
प्रश्न - अंग प्रविष्ट श्रुतज्ञान के कितने भेद हैं ?
उत्तर - अंग प्रविष्ट श्रुतज्ञान के बारह भेद हैं।
प्रश्न - अंग प्रविष्ट के बारह भेद कौन-कौन से हैं ?
उत्तर - आचारांग, सूत्रकृतांग, स्थानांग, समवायांग, व्याख्याप्रज्ञप्त्यंग, ज्ञातृकथांग, उपासकाध्ययनांग, अन्तकृद्दशांग, अनुत्तरोपपादिकदशांग, प्रश्न-व्याकरणांग, विपाकसूत्रांग और दृष्टिवादांग ये अंगप्रविष्ट के बारह भेद हैं।
प्रश्न - चौदह पूर्व के नाम कौन-कौन से हैं ?
उत्तर - उत्पादपूर्व, अग्रणीयपूर्व, वीर्यानुप्रवादपूर्व, अस्तिनास्तिप्रवादपूर्व, ज्ञान प्रवादपूर्व, सत्यप्रवादपूर्व, आत्माप्रवाद, कर्मप्रवाद, प्रत्याख्यानप्रवादपूर्व, विद्यानुप्रवादपूर्व, कल्याणवादपूर्व, प्राणानुप्रवादपूर्व, क्रियाविशालपूर्व, लोकबिन्दु- सारपूर्व ये चौदह पूर्व के नाम हैं।
प्रश्न - अवधिज्ञान के कितने भेद हैं ?
उत्तर - सर्वावधि, परमावधि, देशावधि आदि अवधिज्ञान के भी अनेक भेद हैं।
प्रश्न - मन:पर्यय ज्ञान के कितने भेद हैं ?
उत्तर - ऋजुमति और विपुलमति के भेद से मन:पर्यय ज्ञान के दो भेद हैं।
प्रश्न - ज्ञान सम्यव् किससे बनता है ?
उत्तर - सम्यग्दर्शन से ज्ञान में समीचीनता आती है क्योंकि सम्यग्दर्शन सहित ज्ञान सम्यग्ज्ञान कहलाता है। ज्ञानावरण कर्म के क्षयोपशम से या क्षय से ज्ञान की प्राप्ति होती है और ज्ञान में समीचीनता और समीचीनता सम्यग्दर्शन और मिथ्यादर्शन से आती है।
जं सामण्णं गहणं, भावाणं णेव कट्टुमायारं।
अविसेसदूण अट्ठे, दंसणमिदि भण्णए समये।।४३।।
जो भावों का आकार नहीं, करके सामान्य ग्रहण होता।
अर्थों में नहीं विशेष करे, वह दर्शन नाम कहा जाता।।
जिन शासन में इस विध से यह, दर्शन उपयोग कहा जाता।
भावों की सत्ता का ग्राहक यह, निराकार समझा जाता।।४३।।
अर्थ — पदार्थों में विशेषता-भेद नहीं करके और उनके आकार को ग्रहण नहीं करके जो पदार्थों का सामान्य-सत्तामात्र करना है वह जैन आगम में ‘दर्शन’ इस नाम से कहा जाता है।
भावार्थ — ‘यह घट है’, ‘यह गोल है’ इत्यादि भेद न करके जो निर्विकल्प मात्र ग्रहण होता है वह दर्शन है जो कि ज्ञान के पहले होता है।
प्रश्न — दर्शनोपयोग किसे कहते हैं ?
उत्तर — सामान्य अंश का जानना दर्शन कहलाता है। इसमें पदार्थ के आकार का ज्ञान नहीं होता है, केवल सत्ता का भान होता है। जैसे—सामने कोई पदार्थ आने पर सबसे पहले ‘‘यह कोई पदार्थ है’’ इतना मात्र जानना ‘दर्शनोपयोग’ है।
प्रश्न - दर्शन और ज्ञान में अन्तर क्या है ?
उत्तर - यह घट है, पट है, कृष्ण है, शुक्ल है इन विकल्पों को ग्रहण करता है वह ज्ञान है और जिनमें घट-पटादि ज्ञेय पदार्थ का विकल्प, ज्ञेयाकार का विकल्प ग्रहण नहीं होता, वह दर्शन है। यह दोनों में अन्तर है।
प्रश्न - सम्यग्दर्शन और दर्शन में क्या अन्तर है ?
उत्तर - सम्यग्दर्शन तत्वश्रद्धानरूप है और दर्शन सामान्य अवलोकनरूप है। सम्यग्दर्शन सम्यग्दृष्टि के ही होता है और दर्शन सम्यग्दृष्टि और मिथ्यादृष्टि दोनों के होता है। दर्शन मोक्षमार्ग में अनुपयोगी है। सम्यग्दर्शन मोक्षमार्ग में उपयोगी है। यह इन दोनों में मौलिक अन्तर है। विषय, विषयी के सन्निपात होने पर दर्शन होता है। वस्तु को जानने के लिए जो आत्मा का व्यापार होता है अथवा ज्ञान के उत्पादक प्रयत्न से संबंधित स्वसंवेदन अर्थात् आत्मविषयक उपयोग को दर्शन कहते हैं।
दंसणपुव्वं णाणं, छदुमत्थाणं ण दुण्णि उवओगा।
जुगवं जह्मा केवलि-णाहे जुगवं तु ते दो वि।।४४।।
दर्शनपूर्वक ही ज्ञान सदा, छद्मस्थ जनों को होता है।
इसलिए नहीं युगपत् दोनों, उपयोग उन्हों के होता है।।
पर केवलियों भगवंतों के, युगपत् दोनों उपयोग रहें।
वे लोकालोक प्रकाशी जिन, बस एक समय में सर्व ग्रहें।।४४।।
अर्थ — छद्मस्थ जीवों का ज्ञान दर्शनपूर्वक होता है क्योंकि उनके दोनों उपयोग एक साथ नहीं होते हैं, किन्तु केवली भगवान् के दोनों ही उपयोग युगपत्-एक साथ होते हैं।
भावार्थ — अल्पज्ञानियों के पहले क्षण में दर्शन पुन: ज्ञान ऐसे क्रम से दोनों उपयोग होते हैं। किन्तु केवली भगवान् के ये एक साथ ही प्रगट रहते हैं।
प्रश्न — छद्मस्थ किसे कहते हैं ?
उत्तर — मतिज्ञान, श्रुतज्ञान, अवधिज्ञान, मन:पर्ययज्ञान और केवलज्ञान इन पाँच ज्ञानों में से प्रारम्भ के चार ज्ञान छद्मस्थ (अल्पज्ञान) कहलाते हैं।
प्रश्न — छद्मस्थ जीव के उपयोग का क्रम बताइये।
उत्तर — छद्मस्थ जीव पहले देखते हैं और फिर बाद में जानते हैं, किसी पदार्थ को देखे बिना छद्मस्थ उसे जान ही नहीं सकते इसलिये छद्मस्थों के पहले दर्शनोपयोग होता है और बाद में ज्ञानोपयोग होता है।
प्रश्न — केवलज्ञानी के उपयोग का क्रम बताइये।
उत्तर — केवलज्ञानी किसी भी पदार्थ को एक ही साथ देखते और जानते हैं इसलिये उनका दर्शनोपयोग और ज्ञानोपयोग एकसाथ होता है।
प्रश्न - केवली भगवान के दर्शनोपयोग और ज्ञानोपयोग एक साथ क्यों होते हैं ?
उत्तर - केवली भगवान के ज्ञान और दर्शन दोनों निरावरण हैं क्षायिक हैं इसलिए एक साथ होते हैं और छद्मस्थों के सावरण हैं क्षायोपशमिक हैं अत: उनके ज्ञानोपयोग-दर्शनोपयोग एक साथ नहीं हो ते, क्रमश: होते हैं।
प्रश्न - छद्मस्थ किसे कहते हैं ?
उत्तर - जिनके ज्ञानावरण और दर्शनावरण कर्म का क्षयोपशम है, क्षय नहीं हुआ है ऐसे मिथ्यात्व गुणस्थान से लेकर बारहवें गुणस्थान तक के जीव छद्मस्थ कहलाते हैं।
असुहादो विणिवित्ती, सुहे पवित्ती य जाण चारित्तं।
वदसमिदिगुत्तिरूवं, ववहारणया दु जिणभणियं।।४५।।
जो अशुभ क्रियाओं से विरती, औ शुभ में सदा प्रवृत्ती है।
उसको ही तुम चारित जानो, वह व्रत समिती और गुप्ती है।।
इन रूप चरित्र कहा जिनने, व्यवहार नयापेक्षा समझो।
इन बिन निश्चय चारित्र न हो, इसलिए इन्हें साधन समझो।।४५।।
अर्थ — अशुभ क्रियाओं से विरक्त होना और शुभ क्रियाओं में प्रवृत्ति करना चारित्र है जोकि व्रत, समिति और गुप्ति रूप है ऐसा तुम जानो। यह चारित्र व्यवहार नय की अपेक्षा से जिनेन्द्र देव द्वारा कथित है।
भावार्थ — व्यवहार चारित्र पाँच महाव्रत, पाँच समिति और तीन गुप्ति ऐसे तेरह प्रकार का है जो कि जिनदेव द्वारा कहा गया है।
प्रश्न — व्यवहार चारित्र किसे कहते हैं ?
उत्तर — अशुभ कार्यों—हींसा, झूठ, चोरी, कुशील और परिग्रह पापों का त्याग करना, यत्नाचारपूर्वक चलना, बोलना, बैठना, खाना आदि करना और अशुभ मन-वचन और काय को वश में करना तथा शुभ कार्यों में प्रवृत्ति करना व्यवहार चारित्र है।
प्रश्न - अशुभोपयोग किसे कहते हैं ?
उत्तर - आत्र्तध्यान, रौद्रध्यान को अशुभोपयोग कहते हैं-अथवा विषय और कषायों में गाढ़ प्रीति, दु:शास्त्र श्रवण, दुष्टचित्तप्रवृत्ति, दु:गोष्ठी (बुरी संगति) आदि अशुभोपयोग हैं।
प्रश्न - शुभोपयोग किसे कहते हैं ?
उत्तर - सविकल्प धर्मध्यान को शुभोपयोग कहते हैं, अथवा व्यसन, कषाय, हिंसादि पापजनक कार्यों से विरक्त होकर दान, पूजा, व्रत, समिति, गुप्ति आदि में प्रवृत्ति करना शुभोपयोग कहलाता है। अथवा अशुभोपयोग से निवृत्ति और पाँच महाव्रत, पांच समिति और तीन गुप्तिरूप प्रवृत्ति को व्यवहार या सराग चारित्र कहते हैं। इसका दूसरा नाम अपहृत संयम भी है। यह शुभोपयोग सहित होता है। सराग चरित्र में बाह्य पंचेन्द्रिय विषयों का त्याग है, यह उपचरित असद्भूत व्यवहारनय से चारित्र है। जितने अंश में कषायों का अभाव हुआ है, वह अशुद्ध निश्चयनय से चारित्र है। ऐस यह शुभोपयोग लक्षण धारक व्यवहार चारित्र निश्चयचारित्र का साधक है।
बहिरब्भंतरकिरिया-रोहो भवकारणप्पणासट्ठं।
णाणिस्स जं जिणुत्तं, तं परमं सम्मचारित्तं।।४६।।
भव कारण के नाशन हेतू, ज्ञानी के बाह्य क्रियाओं का।
औ आभ्यन्तरी क्रियाओं का, इन सबका जो रोधन होता।।
वह जिनवर द्वारा कहा गया, निश्चय सम्यक्चारित्र सही।
जो साधु उसको पा लेते, वे पा लेते हैं मोक्षमही।।४६।।
अर्थ — ज्ञानी जीव के संसार के कारणों का नाश करने के लिए जो बाह्य और अभ्यंतर क्रियाओं का रोकना है वह जिनेन्द्रदेव द्वारा कथित परम सम्यक्चारित्र है।
भावार्थ — सम्पूर्ण अंतरंग बहिरंग प्रवृत्तियों को रोक करके जो आत्मा में स्थिर हो जाना है वही निश्चय सम्यक्चारित्र है जो कि महामुनियों के ही हो सकता है।
प्रश्न - चारित्र के कितने भेद हैं ?
उत्तर - चारित्र के मुख्यत: दो भेद हैं-निश्चय और व्यवहार।
प्रश्न - व्यवहार चारित्र किसे कहते हैं ?
उत्तर - जो व्रत, समिति आदि भेदरूप है, जिसमें हिंसादि, अशुभ क्रियाओं से निवृत्ति और अहिंसादि शुभ क्रियाओं में प्रवृत्ति होती है, वह व्यवहार चारित्र है।
प्रश्न - व्यवहार चारित्र के कितने भेद हैं ?
उत्तर - देश चारित्र, सकल चारित्र आदि अनेक भेद हैं।
प्रश्न - देश चारित्र किसे कहते हैं ?
उत्तर - जिसमें अहिंसादि व्रतों का एकदेश पालन किया जाता है, वह श्रावक का व्रत कहलाता है, यह देशसंयम है, इसका दूसरा नाम संयमासंयम भी है।
प्रश्न - देशसंयम को संयमासंयम क्यों कहते हैं ?
उत्तर - संकल्पपूर्वक मन, वचन, काय से, कृत, कारित, अनुमोदना से त्रस घात का तो त्याग किया है, इसलिए संयम है। स्थावर घात का त्याग नहीं है, इसलिए असंयम है तथा संयम और असंयम दोनों एक साथ होने से इसे संयमासंयम कहते हैं।
प्रश्न - देश संयम के कितने भेद हैं ?
उत्तर - सामान्यत: अप्रत्याख्यानावरण कषाय के अभाव से उत्पन्न होता है इसलिए एक प्रकार का है और प्रत्याख्यानावरण कषाय की तरतमता से इसके अनेक भेद हैं, उनको ग्यारह भागों में विभाजित किया है।
प्रश्न - देश संयम के ग्यारह भेद कौन से हैं ?
उत्तर - (१) दर्शन प्रतिमा-निर्दोष सम्यग्दर्शन और आठ मूलगुणों का पालन करना और संसार-शरीर-भोगों से विरक्त होकर पंचपरमेष्ठी की शरण में लीन रहना। (२) व्रत प्रतिमा-माया, मिथ्यात्व और निदानरूप तीन शल्यों का त्यागकर निरतिचार पाँच अणुव्रतों का पालन और अभ्यासरूप से सात शीलों का धारण।
प्रश्न - सात शील किसे कहते हैं ?
उत्तर - तीन गुणव्रत और चार शिक्षाव्रत को सात शील कहते हैं। (३) सामायिक प्रतिमा-त्रिकाल देववंदना करना, चारों दिशाओं में तीन-तीन आवर्त और चार शिरोनति करके। (४) प्रोषध प्रतिमा-अष्टमी और चतुर्दशी के दिन अपनी शक्ति के अनुसार प्रोषध (एकासन) उपवास और प्रोषधोपवास करना। (५) सचित्त त्याग प्रतिमा-अपक्व अंकुरोत्पत्ति के कारणभूत सचित्त जड़, फल, बीज आदि को अचित्त किये बिना नहीं खाना और अप्रासुक पानी नहीं पीना।
प्रश्न - प्रासुक किसे कहते हैं ?
उत्तर - जो पानी गर्म किया हो, या सौंफ, लौंग आदि डालने से जिसका रंग बदल गया है, वह पानी प्रासुक कहलाता है। (६) रात्रि भुक्ति त्याग प्रतिमा-रात्रि में खाद्य, स्वाद्य, लेह्य और पेय इन चारों प्रकार के आहार का त्याग करना तथा दिन में मैथुन सेवन नहीं करना। इस प्रतिमा का दूसरा नाम दिवामैथुनत्याग प्रतिमा भी है।
प्रश्न - छट्ठी प्रतिमा में रात्रि भोजन का त्याग है तो पाँचवीं प्रतिमा तक रात्रि में पानी आदि पी सकता है क्या ? यदि नहीं पी सकता है, तो छट्ठी प्रतिमा को रात्रि भुक्ति त्याग प्रतिमा क्यों कहा ?
उत्तर - रात्रि में चार प्रकार के आहार का त्याग तो प्रथम प्रतिमा में ही हो जाता है, छट्ठी प्रतिमा में निरतिचार रात्रिभुक्ति त्याग होता है।
प्रश्न - रात्रि भुक्ति का त्याग का अतिचार कौन सा है ?
उत्तर - सूर्योदय के ४८ मिनट हो जाने के बाद और सूर्यास्त के ४८ मिनट पूर्व भोजन करना, रात्रि में भोजन कराना, रात्रि में बने हुए पदार्थों को भक्षण करना रात्रि भुक्ति त्याग का अतिचार है। छट्ठी प्रतिमाधारी इन सबका त्याग करके निरतिचार व्रत का पालन करता है। (७) ब्रह्मचर्य प्रतिमा-स्त्रीमात्र के संयोग का त्याग करना। (८) आरंभ त्याग प्रतिमा-नौकरी, खेती, व्यापार आदि हिंसाजनक आरंभ का त्याग। (९) परिग्रह त्याग प्रतिमा-बाह्य दश प्रकार के परिग्रह से ममत्व का त्याग कर अपने पहनने योग्य धोती, दुपट्टा आदि के सिवाय सर्व परिग्रह का त्याग करना। (१०) अनुमति त्याग-आरंभजन्य कार्यों में तथा लौकिक विवाहादिकार्यों में अनुमति नहीं देना। (११) उद्दिष्ट त्याग प्रतिमा-घर को छोड़कर मुनिराज के पास जाकर व्रतों को ग्रहण करके भिक्षावृत्ति से भोजन करता है और एक लंगोटी तथा एक दुपट्टा रखता है। ये देशसंयम के ११ भेद संक्षेप से कहे हैं, विस्तार से इसके असंख्यात भेद हैं।
प्रश्न - सकल चारित्र किसे कहते हैं ?
उत्तर - हिंसादि पाँचों पापों का सर्वथा त्याग करना तथा पंच महाव्रत, पाँच समिति और तीन गुप्ति का पालन सकल चारित्र है।
प्रश्न - सामायिक, छेदोपस्थापना, परिहारविशुद्धि, सूक्ष्मसांपराय और यथाख्यात किस चारित्र के भेद हैं ?
उत्तर - ये सब सकल चारित्र के भेद हैं।
प्रश्न — निश्चयचारित्र किसे कहते हैं ?
उत्तर — बाह्य-आभ्यन्तर क्रियाओं के निरोध से प्रादुर्भूत आत्मा की शुद्धि को निश्चय सम्यक्चारित्र कहते हैं।
प्रश्न — बाह्य-आभ्यन्तर क्रिया कौन रोकता है ?
उत्तर — ‘णाणी’—ज्ञानी पुरुष अपनी मानसिक, वाचनिक व कायिक आभ्यन्तर और बाह्य क्रियाओं को रोकता है।
प्रश्न — बाह्य-आभ्यन्तर क्रियाओं के निरोध से ज्ञानी को क्या प्राप्त होता है ?
उत्तर — ज्ञानी को बाह्य-आभ्यन्तर क्रियाओं के निरोध से निश्चय चारित्र की प्राप्ति होती है।
दुविहं पि मोक्खहेउं, झाणे पाउणदि जं मुणी णियमा।
तम्हा पयत्तचित्ता, जूयं झाणं समब्भसह।।४७।।
मुनिवरगण ध्यान लगा करके, इन द्विविध मोक्ष के कारण को।
जो निश्चय और व्यवहाररूप, निश्चित ही पा लेते उनको।।
अतएव प्रयत्न सभी करके, तुम ध्यानाभ्यास करो नित ही।
सम्यक् विधिपूर्वक बार-बार, अभ्यास सफल होता सच ही।।।४७।।
अर्थ — मुनिराज निश्चित ही ध्यान के द्वारा दोनों प्रकार के मोक्ष के कारण को प्राप्त कर लेते हैं, इसलिए प्रयत्न चित्त होते हुए तुम लोग ध्यान का सम्यक् प्रकार से अभ्यास करो।
भावार्थ — निश्चय और व्यवहार ये दोनों मोक्ष मार्ग ध्यान से ही प्राप्त हो सकते हैं।
प्रश्न - निश्चय और व्यवहार मोक्ष मार्ग की सिद्धि किससे होती है ?
उत्तर - निश्चय और व्यवहार दोनों ही मोक्षमार्ग की सिद्धि ध्यान से होती है।
प्रश्न - ध्यान किसे कहते हैं ?
उत्तर - किसी विषय में मन का एकाग्र हो जाना ध्यान है।
प्रश्न - ध्यान के कितने भेद हैं ?
उत्तर - शुभ-अशुभ के भेद से ध्यान दो प्रकार का है।
प्रश्न - अशुभ ध्यान किसे कहते हैं ?
उत्तर - पंचेन्द्रियजन्य विषयों में चित्त का एकाग्र हो जाना अशुभ ध्यान है।
प्रश्न - अशुभ ध्यान के कितने भेद हैं ?
उत्तर - अशुभ ध्यान के दो भेद हैं-आत्र्तध्यान और रौद्रध्यान।
प्रश्न - आत्र्तध्यान किसे कहते हैं ?
उत्तर - आत्र्त का अर्थ पीड़ा है। मानसिक और शारीरिक पीड़ा के कारण शोक, संताप, अरति और चिंता मन पर प्रभुत्व जमा लेती है, वह आत्र्तध्यान है।
प्रश्न - आत्र्तध्यान कितने प्रकार का है ?
उत्तर - आत्र्तध्यान चार प्रकार का है- (१) अनिष्ट संयोगज-अनिष्ट वस्तु का संयोग होने पर उसके वियोग- पृथक्करण के लिए होने वाली चिन्ता। (२) इष्ट वियोगज-इष्ट वस्तु के प्राप्त होने पर उसका संबंध विच्छेद न होने की चिंता और संबंध विच्छेद होने पर उसकी पुन: प्राप्ति की कामना। (३) पीड़ा चिन्तन-व्याधिजन्य दु:ख और पीड़ा से मुक्ति पाने की चिंता। (४) निदान-भविष्य में कमनीय स्वप्नों की पूर्ति की चिंता।
प्रश्न - रौद्रध्यान किसे कहते हैं ?
उत्तर - रुद्र का अर्थ है-व्रूर आशय। व्रूर आशय से उत्पन्न होने वाली चित्तवृत्ति की एकाग्रता रौद्रध्यान है।
प्रश्न - रौद्रध्यान के कितने भेद हैं ?
उत्तर - रौद्रध्यान के चार भेद हैं- (१) हिंसानुबंधी-प्राणि हिंसा का व्रूर संकल्प अथवा हिंसाजन्य कार्यों में मानसिक आनन्द का अनुभव होना। (२) मृषानुबंधी-असत्य, परपीड़ाजनक वाणी का प्रयोग करना व असत्य, अप्रिय, कठोर वचन बोलकर आनन्दित होना। (३) चौर्यानुबंधी-अदत्तादान की चित्त वृत्ति-या चोरी करने मेें आनन्द का अनुभव करना, चोरी करने का चिंतन करना। (४) विषयसंरक्षणानुबंधी-परिग्रह की रक्षा में संलग्नचित्त का होना या परिग्रह के प्राप्त होने पर मानसिक आनन्द का अनुभव होना। यहाँ पर मोक्षमार्ग का प्रकरण है-अत: इन अशुभ ध्यानों से कोई प्रयोजन नहीं है। यहाँ प्रयोजन है-शुभ और शुद्धध्यान से। वह शुभध्यान है-धर्मध्यान और शुद्धध्यान है शुक्लध्यान। धर्मध्यान और शुक्लध्यान मोक्ष का कारण है और आत्र्त-रौद्रध्यान संसार का।
प्रश्न - धर्मध्यान किसे कहते हैं ?
उत्तर - धार्मिक कार्यों में चित्त का एकाग्र होना धर्मध्यान है।
प्रश्न - धर्मध्यान के कितने भेद हैं ?
उत्तर - धर्मध्यान के चार भेद हैं।
प्रश्न - धर्मध्यान के चार भेद कौन-कौन हैं?
उत्तर - आज्ञाविचय, अपायविचय, विपाकविचय और संस्थानविचय ये धर्मध्यान के चार भेद हैं।
मा मुज्झह मा रज्जह, मा दुस्सह इट्ठणिट्ठअत्थेसु।
थिरमिच्छह जइ चित्तं, विचित्तझाणप्पसिद्धीए।।४८।।
सब इष्ट अनिष्ट पदार्थों में, मत मोह करो मत राग करो।
मत द्वेष करो इन तीनों का, जैसे होवे परिहार करो।।
इस विधि के ध्यान सुसाधन के, हेतु यदि तुम अपने मन को।
स्थिर करना चाहो तो तुम, बस सब विभाव से दूर हटो।।४८।।
अर्थ — यदि तुम अनेक प्रकार का ध्यान सिद्ध करने के लिए मन को स्थिर करना चाहते हो तो इष्ट और अनिष्ट पदार्थों में मोह मत करो, राग मत करो और द्वेष मत करो।
भावार्थ — मोह, राग और द्वेष इनके निमित्त से मन ही एकाग्रता नहीं हो सकती है इसीलिए इनको हटाना आवश्यक है।
प्रश्न — राग किसे कहते हैं ?
उत्तर — इष्ट वस्तु में प्रीति को राग कहते हैं।
प्रश्न — द्वेष किसे कहते हैं ?
उत्तर — अनिष्ट वस्तु में अप्रीति को द्वेष कहते हैं।
प्रश्न — ध्यान के अनेक प्रकार कौन-से हैं ?
उत्तर — (१) पिण्डस्थ, (२) पदस्थ, (३) रूपस्थ तथा (४) रूपातीत।
प्रश्न - धर्मध्यान में लीन होने का उपाय क्या है ?
उत्तर - इष्ट, अनिष्ट पदार्थों में राग-द्वेष नहीं करना ही ध्यान में लीन होने का उपाय है, क्योंकि सांसारिक पदार्थों में रागद्वेष करने से आत्मा आत्र्त-रौद्र- ध्यान में पंâसकर संसार में भटकती है और रागद्वेष का त्याग कर आत्मस्वभाव में लीन होने से रत्नत्रय के कारणभूत धर्मध्यान और शुक्लध्यान की प्राप्ति होती है और आत्मा संसार से छूट जाती है।
प्रश्न - णमोकार मंत्र के अक्षरों का ध्यान किस ध्यान में गर्भित होता है ?
उत्तर - णमोकार मंत्र के अक्षरों का ध्यान पदस्थ ध्यान में गर्भित है।
प्रश्न - ध्यान किस गुण की पर्याय है ?
उत्तर - ध्यान चारित्र गुण की पर्याय है।
पणतीस सोल छप्पण, चदुदुगमेगं च जबह झाएह।
परमेट्ठिवाचयाणं, अण्णं च गुरूवएसेण।।४९।।
परमेष्ठी के वाचक पैंतीस, अक्षरयुत महामंत्र शाश्वत।
सोलह छह पाँच चार दो औ, एकाक्षर ऊँ अकारादिक।।
गुरु के उपदेशों से बहुविध, के अन्य मंत्र को भी पाकर।
नित जाप करो तुम ध्यान करो, जैसे हो मन स्थिरता कर।।४९।।
अर्थ — परमेष्ठी के वाचक पैंतीस, सोलह, छह, पाँच, चार, दो और एक अक्षर वाले मंत्रों का तथा गुरु के उपदेश से अन्य भी मन्त्रों का जाप करो और ध्यान करो।
भावार्थ — णमोकार मंत्र में पैंतीस अक्षर हैं, ‘अरिहन्त सिद्ध आइरिय उवज्झाय साहू’ यह सोलह अक्षर का मंत्र है, ‘अरिहन्त सिद्ध’ ‘ऊँ नम: सिद्धेभ्य:’ इनमें छह ‘अ सि आ उ सा’ में पाँच, अरिहन्त में चार, सिद्ध में दो और ऊँ या ह्रीं में एक अक्षर है। अथवा गुरु की आज्ञा से सिद्ध चक्र आदि मंत्रों का जाप्य या ध्यान करना चाहिए।
प्रश्न — परमेष्ठी किसे कहते हैं ?
उत्तर — जो परम पद में स्थित हैं वे परमेष्ठी कहलाते हैं।
प्रश्न — परमेष्ठीवाचक पैंतीस अक्षरों का मंत्र कौन-सा है ?
उत्तर — णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आइरियाणं, णमो उवज्झायाणं, णमो लोए सव्वसाहूणं। इसे णमोकार मंत्र, अनादिनिधन मंत्र, अपराजित आदि अनेक नामों से जाना जाता है।
प्रश्न — ध्यान की सिद्धि के लिये जाप्य की विधि क्या है ?
उत्तर — जाप्य तीन प्रकार से किया जाता है—(१) वाचनिक, (२) मानसिक, (३) उपांशु जाप्य। वाचनिक—वचन से बोलकर जप करना। मानसिक—मन-मन में उच्चारण करना। उपांशु—ओठों को हिलाते हुये मंद-मंद स्वर में जाप करना। इनमें मानसिक जाप उत्तम है। उसका फल भी उत्तम है। ‘उपांशु’ जाप मध्यम है तथा वाचनिक जाप जघन्य माना जाता है।
प्रश्न - सोलह अक्षर का मंत्र कौन सा है ?
उत्तर - अरिहंत सिद्ध आइरिय उवज्झाय साहू। अथवा ॐ अर्हदाचार्योपाध्याय सर्व साधुभ्यो नम: आदि।
प्रश्न - छह अक्षरों का मंत्र कौन सा है ?
उत्तर - अरिहंत सिद्ध। ॐ नम: सिद्धेभ्य:। अरहंत सिद्ध। नमोर्हत्सिद्धेभ्य:। इत्यादि छह अक्षर के मंत्र हैं।
प्रश्न - पाँच अक्षरों का मंत्र कौन सा है ?
उत्तर - असि आ उसा। अर्हद्भ्यो नम: इत्यादि पाँच अक्षर से निष्पन्न मंत्र हैं।
प्रश्न - चार अक्षर का मंत्र कौन सा है ?
उत्तर - अरिहंत यह चार अक्षरों से निष्पन्न मंत्र हैं।
प्रश्न - दो अक्षर का मंत्र कौन सा है ?
उत्तर - सिद्ध दो अक्षर का मंत्र है।
प्रश्न - एक अक्षर का मंत्र कौन सा है ?
उत्तर - ॐ, ह्रीं इत्यादि एकाक्षरी मंत्र हैं।
प्रश्न - ॐ अक्षर की निष्पत्ति कैसे हुई है, यह किसका वाचक है ?
उत्तर - यह ‘ॐ’ अक्षर अरिहंत आदि के प्रथम अक्षर से निष्पन्न है अत: यह पंचपरमेष्ठी वाचक है। सो ही कहा है- अरिहंता असरीरा, आइरिया तह उवज्झया मुणिणो। पढमक्खरणिप्पणो ओंकारो पञ्च परमेट्ठी।। अरिहंत का आदि अक्षर ‘अ’, अशरीरी (सिद्ध) का प्रथम अक्षर ‘अ’, आचार्य का प्रथम अक्षर ‘आ’, उपाध्याय का प्रथम अक्षर ‘उ’ और साधु अर्थात् मुनि का प्रथम अक्षर ‘म्’ इस प्रकार पंच परमेष्ठियों के प्रथम अक्षर (अ±अ±आ±उ±म्) इस प्रकार संधि करने पर ‘ॐ’ मंत्र की निष्पत्ति होती है। अर्थात् अ±अ± की संधि दीर्घ आ±आ·आ। आ±उ±-ओ। म्-का अनुस्वार लगता है। अत: यह ‘ॐ़’ पंचपरमेष्ठी वाचक है। पदस्थ धर्मध्यान में मन को स्थिर करने के लिए परमेष्ठी वाचक बीजाक्षरों का और मंत्राक्षरों का ध्यान किया जाता है।
प्रश्न - इन मंत्राक्षरों के सिवाय अन्य भी कोई मंत्र है जिसका ध्यान कर सकते हैं ?
उत्तर - सिद्धचक्र, ऋषिमंडल यंत्र, कलिकुण्ड आदि अनेक ध्यान करने योग्य मंत्र हैं, जिनका गुरुओं के उपदेश से जानकर ध्यान करना चाहिए।
णट्ठचदुघाइकम्मो, दंसणसुहणाणवीरियमइयो।
सुहदेहत्थो अप्पा, सुद्धो अरिहो विचिंतिज्जो।।५०।।
जिन घाति चतुष्टय कर्म हरा, दर्शन सुख ज्ञान वीर्य मय हैं।
सु अनन्त चतुष्टय रूप परम, औदारिक तनु में स्थित हैं।।
अष्टादशदोष रहित आत्मा, वे ही अर्हंत परम गुरु हैं।
वे ध्यान योग्य हैं, नित उनको, तुम ध्यावो वे त्रिभुवन गुरु हैं।।५०।।
अर्थ — जिन्होंने चार घातिया कर्मों का नाश कर दिया है, जो अनंत दर्शन, अनंत सुख, अनंत ज्ञान और अनंत वीर्य इन चार चतुष्टय के धारक हैं, जो शुभ-परमौदारिक दिव्य शरीर में स्थित हैं, जो शुद्ध अर्थात् दोष रहित हैं ऐसे आत्मा अरहंत परमेष्ठी हैं उनका ध्यान करना चाहिए।
प्रश्न — अरिहंत परमेष्ठी किन्हें कहते हैं ?
उत्तर — जिनने चार घातिया कर्म नष्ट कर दिये हैं तथा जो अनन्तदर्शन, ज्ञान, सुख और वीर्य से युक्त हैं और १८ दोषों से रहित होते हैं, उन्हें अरिहंत कहते हैं।
प्रश्न — घातिया कर्म किसे कहते हैं ? वे कौन से हैं ?
उत्तर — जो जीव के अनुजीवी गुणों का घात करते हैं वे घातिया कर्म कहलाते हैं। वे चार—(१) ज्ञानावरण, (२) दर्शनावरण, (३) मोहनीय और(४) अन्तराय हैं।
प्रश्न — अनन्त चतुष्टय कौन से हैं ?
उत्तर — अनन्तदर्शन, अनन्तज्ञान, अनन्तसुख और अनन्तवीर्य ये अनन्त-चतुष्टय कहलाते हैं।
प्रश्न — किस कर्म के नाश से कौन-सा गुण प्रगट होता है ?
उत्तर — ज्ञानावरण कर्म के क्षय से अनन्तज्ञान, दर्शनावरण कर्म के क्षय से अनन्तदर्शन, मोहनीय कर्म के क्षय से अनन्तसुख तथा अन्तराय कर्म के क्षय से अनन्तवीर्य प्रकट होता है।
प्रश्न — अरिहंतों के साथ शुद्ध विशेषण क्यों दिया ?
उत्तर — अठारह दोषों से रहित होने से वे शुद्ध आत्मा हैं, इसलिये शुद्ध विशेषण दिया है।
प्रश्न - अठारह दोष कौन-कौन हैं ?
उत्तर - क्षुधा (भुख), प्यास, बुढ़ापा, रोग, मरण, जन्म, भय, विस्मय, चिंता, अरति, खेद, स्वेद (पसीना) मद, राग, द्वेष, मोह, शोक, जुगुप्सा। ये अठारह दोष अरिहंत के नहीं होते हैं।
णट्ठट्ठकम्मदेहो, लोयालोयस्स जाणओ दट्ठा।
पुरुसायारो अप्पा, सिद्धो झाएह लोय सिहरत्थो।।५१।।
जिन अष्ट कर्म तनु नष्ट किया, औ शाश्वत लोकालोक सकल।
उसके ज्ञाता औ दृष्टा हैं, जो पुरुषाकार तथा निष्कल।।
जो लोक शिखर पर स्थित हैं, वे आत्मा सिद्ध कहाते हैं।
तुम सब जन उनका ध्यान करो, वे सबको सिद्ध बनाते हैं।।५१।।
अर्थ — जिन्होने आठ कर्म रूपी शरीर का नाश कर दिया है, जो लोक और अलोक के जानने और देखने वाले हैं, पुरुषाकार हैं और लोक के शिखर पर स्थित हैं ऐसे आत्मा सिद्ध परमेष्ठी हैं उनका तुम सब जन ध्यान करो।
प्रश्न — सिद्ध परमात्मा कैसे होते हैं?
उत्तर — जो ज्ञानावरण, दर्शनावरण, वेदनीय, मोहनीय, आयु, नाम, गोत्र और अन्तराय-इन आठ कर्मों से रहित हैं, औदारिक, वैक्रियिक, आहारक, तैजस व कार्मण शरीर से रहित हैं, जो लोक-अलोक को जानने वाले हैं, वे सिद्ध परमेष्ठी हैं।
प्रश्न — सिद्ध परमेष्ठी कहाँ रहते हैं?
उत्तर — सिद्धपरमेष्ठी लोक के अग्रभाग में रहते हैं।
प्रश्न — लोक के अग्रभाग को क्या कहते हैं?
उत्तर — लोक के अग्रभाग को ‘सिद्धालय’ कहते हैं।
प्रश्न — सिद्धालय में सिद्धों का आकार कैसी होता है ?
उत्तर — सिद्ध परमेष्ठी का आकार पुरुषाकार होता है। वे लोकाग्र में अपने अंतिम शरीर से किञ्चित् न्यून आकार के रूप में रहते हैं।
दंसणणाणपहाणे, वीरियचारित्त-वरतवायारे।
अप्पं परं च जुंजइ, सो आइरियो मुणी झेओ।।५२।।
दर्शन औ ज्ञान प्रधान जहाँ, ऐसे जो वीर्याचार तथा।
चारित्र महातप ये पाँचों, आचार कहाते सौख्यप्रदा।।
इन पंचाचारो में निज को, पर को जो नित्य लगाते हैं।
वे ध्यान योग्य हैं श्रेष्ठ मुनी, वे ही आचार्य कहाते हैं।।५२।।
अर्थ — जिनमें ज्ञानाचार और दर्शनाचार प्रधान हैं ऐसे वीर्याचार चारित्राचार और परम तपश्चरणाचार में जो अपने को और पर को लगाते हैं वे मुनि आचार्य परमेष्ठी हैं जो कि ध्यान करने योग्य हैं।
भावार्थ — जो साधु स्वयं पंचाचार का पालन करते हैं और शिष्यों को भी पालन कराते हैं वे आचार्य परमेष्ठी कहलाते हैं।
प्रश्न — आचार्य परमेष्ठी किन्हें कहते हैं?
उत्तर — जो पंचाचार का स्वयं पालन करते हैं तथा शिष्यों से भी पालन कराते हैं, वे आचार्य परमेष्ठी कहलाते हैं।
प्रश्न — पंचाचार के नाम क्या हैं?
उत्तर — १. दर्शनाचार, २. ज्ञानाचार, ३. चारित्राचार, ४. तपाचार, ५. वीर्याचार। इनकी संक्षिप्त व्याख्या इस प्रकार है- १. दर्शनाचार-निर्दोष सम्यक् दर्शन का पालन करना दर्शनाचार है। २. ज्ञानाचार-अष्टांग सहित सम्यक्ज्ञान की आराधना करना ज्ञानाचार है। ३. चारित्राचार-’तेरह प्रकार के चारित्र का निर्दोषरूप से आचरण करना चारित्राचार है। ४. तपाचार-बारह प्रकार के तपों का निर्दोष रीति से पालन करना तपाचार है। ५. वीर्याचार-अपनी शक्ति को नहीं छिपाते हुए उत्साहपूर्वक संयम की आराधना करना वीर्याचार है।
जो रयणत्तयजुत्तो, णिच्चं धम्मोवएसणे णिरदो।
सो उवझाओ अप्पा, जदिवरवसहो णमो तस्स।।५३।।
जो रत्नत्रय से युक्त सदा, धर्मोपदेश में तत्पर हैं।
जो यति पुंगव में श्रेष्ठ रहें, सो आत्मा उपाध्याय गुरु हैं।।
उनको नित नमन हमारा है, वे ज्ञानामृत बरसाते हैं।
मोहादीविष से मूच्र्छित को, जिनवच औषधी पिलाते हैं।।५३।।
अर्थ — जो रत्नत्रय से सहित हैं और नित्य ही धर्मोपदेश देने मे लवलीन रहते हैं वे यतीश्वरों में भी श्रेष्ठ आत्मा उपाध्याय परमेष्ठी हैं उनको मेरा नमस्कार होवे।
प्रश्न — मुनियों में श्रेष्ठ कौन हैं?
उत्तर — ‘उपाध्याय परमेष्ठी’।
प्रश्न — ‘उपाध्याय परमेष्ठी’ कौन कहलाते हैं।
उत्तर — जो रत्नत्रय से युक्त हैं, नित्य धर्मोपदेश देने में तत्पर हैं। वे ‘उपाध्याय परमेष्ठी’ हैं।
प्रश्न — रत्नत्रय कौन से हैं?
उत्तर — सम्यक्दर्शन, सम्यक्ज्ञान और सम्यक्चारित्र-ये तीन रत्न ही रत्नत्रय कहलाते हैं।
प्रश्न - उपाध्याय परमेष्ठी में और आचार्य परमेष्ठी में क्या अन्तर है ?
उत्तर - आचार्य परमेष्ठी मार्गप्रवत्र्तक हैं दीक्षा-शिक्षा देते हैं-प्रायश्चित्त देते हैं उपाध्याय परमेष्ठी मार्गदर्शक हैं-वे वस्तु के स्वरूप का प्रतिपादन करते हैं समझाते हैं, मार्ग दिखाते हैं, परन्तु दीक्षा वा प्रायश्चित्त देकर मार्ग में प्रवृत्ति नहीं कराते हैं।
प्रश्न - उपाध्याय परमेष्ठी के कितने गुण हैं ?
उत्तर - उपाध्याय परमेष्ठी दिगम्बर मुनि हैं-अत: अट्ठाईस मूलगुण तो होते ही हैं तथा ग्यारह अंग और चौदह पूर्व का पठन-पाठन करते हैं, अत: पच्चीस मूलगुण और होते हैं।
दंसणणाण समग्गं, मग्गं मोक्खस्स जो हु चारित्तं।
साधयदि णिच्चसुद्धं, साहू सो मुणी णमो तस्स।।५४।।
जो दर्शन ज्ञान सहित ऐसा, चारित्र कहा शिव का मारग।
जो नित ही शुद्ध कहा जाता, उस रत्नत्रय के जो साधक।।
वे ही साधू कहलाते हैं, जो करें साधना शिवपथ की।
रत्नत्रयमय उन साधू को, हो मेरा नमस्कार नित ही।।५४।।
अर्थ — जो मुनि मोक्ष के मार्ग स्वरूप दर्शन और ज्ञान से सहित नित्य ही शुद्ध ऐसे चारित्र को साधते हैं वे साधु परमेष्ठी हैं, उनको मेरा नमस्कार हो।
प्रश्न — साधु परमेष्ठी किसे कहते हैं?
उत्तर — जो रत्नत्रय की साधना शुद्ध रीति से करते हैं, वे साधु परमेष्ठी कहलाते हैं।
प्रश्न - आचार्य के कितने गुण होते हैं ?
उत्तर - अट्ठाईस मूलगुण तो होते ही हैं-उनके सिवाय, दश धर्म, बारह तप, तीन गुप्ति, पाँच आचार और छह आवश्यक का पालन ये छत्तीस गुण होते हैं।
जं किंचिवि चिंतंतो, णिरीहवित्ती हवे जदा साहू।
लद्धूणय एयत्तं, तदा हु तं तस्स णिच्चयं झाणं।।५५।।
जब साधूजन एकाग्रमना, होकर जो कुछ भी ध्याते हैं।
वे इच्छा रहित तपोधन ही, निज समरस आनंद पाते हैं।।
बस उसी समय निश्चित उनका, वह निश्चय ध्यान कहाता है।
वह ध्यान अग्निमय हो करके, सब कर्म कलंक मिटाता है।।५५।।
अर्थ — जब साधु एकाग्रता को प्राप्त होकर जो कुछ भी चिंतवन करते हुए इच्छा से रहित हो जाते हैं उसी समय उन साधु का वह ध्यान निश्चय ध्यान कहलाता है।
भावार्थ — पूर्णतया निर्विकल्प होकर जो साधु ध्यान करते हैं वही निश्चय-ध्यान माना गया है।
प्रश्न — साधु के निश्चय ध्यान कब होता है?
उत्तर — जब साधु विषयकषायों से विमुख होकर अरहन्तादि का ध्यान करते हुए आत्म-चिन्तन में लीन हो जाते हैं, तब उनके निश्चय ध्यान होता है।
प्रश्न — निश्चय ध्यान किसे कहते हैं?
उत्तर — पर से भिन्न स्व आत्मा में लीनता निश्चय ध्यान है।
प्रश्न — ध्यान करने वाला क्या कहलाता है?
उत्तर — ध्यान करने वाला ‘ध्याता’ कहलाता है।
प्रश्न — जिसका ध्यान किया जाता है, उसे क्या कहते हैं?
उत्तर — जिसका ध्यान किया जाता है, उसे ‘ध्येय’ कहते हैं।
प्रश्न — चित्त की एकाग्रता को क्या कहते हैं?
उत्तर — चित्त की एकाग्रता को ‘ध्यान’ कहते हैं।
प्रश्न - धर्म और शुक्लध्यान का ध्याता कौन होता है ?
उत्तर - पृथक्त्ववितर्व वीचार और एकत्ववितर्कवीचार शुक्लध्यान के ध्याता चौदह पूर्व के ज्ञाता भावश्रुतकेवली होते हैं। सूक्ष्म क्रिया प्रतिपाति शुक्लध्यान के ध्याता सयोग केवली और व्युपरत क्रियानिवृत्ति शुक्लध्यान के ध्याता अयोगकेवली होते हैं। धर्मध्यान के दो भेद हैं-सविकल्प और निर्विकल्प। निर्विकल्प धर्मध्यान के ध्याता दिगम्बर मुनि ही होते हैं इसलिए इस गाथा में निर्विकल्प ध्यान का ध्याता साधु को कहा है, सविकल्प ध्यान के ध्याता मुख्यत: मुनिराज होते हैं और गौणत: सम्यग्दृष्टी श्रावक भी होता है।
प्रश्न - ध्येय किसे कहते हैं ?
उत्तर - जिस आत्मस्वरूप का या णमोकार मंत्र, देव-शास्त्र-गुरु, सात तत्व आदि का चिंतन किया जाता है, वह ध्येय कहलाता है।
मा चिठ्ठह माजंपह, मा चिंतह विंवि जेण होइ थिरो।
अप्पा अप्पम्मि रओ, इणमेव परं हवे झाणं।।५६।।
तुम कुछ भी तन की चेष्टा को, मत करो वचन भी मत बोलो।
मन से भी चिंतन कुछ न करो, जैसे होवे स्थिर हो लो।।
इस विधि जब आत्मा आत्मा में, स्वयमेव लीन हो जाता है।
तुम समझो जग में यही ध्यान, बस सबसे श्रेष्ठ कहाता है।।५६।।
अर्थ — कुछ भी चेष्टा मत करो, मत बोलो और मत विचारो जिससे कि स्थिर होता हुआ आत्मा आत्मा में ही रत हो जाता है और यही उत्कृष्ट ध्यान होता है।
भावार्थ — काय, वचन और मन की सभी क्रियाओं को रोककर तथा मन को स्थिर करके जो आत्मा अपने आप में लीन हो जाता है उस समय ही उसका ध्यान निर्विकल्प परम ध्यान कहलाता है।
प्रश्न — परम ध्यान किसे कहते हैं?
उत्तर — मानसिक, वाचनिक और कायिक व्यापार को छोड़कर आत्मा का आत्मा में लीन हो जाना परम-उत्कृष्ट ध्यान कहलाता है।
प्रश्न — परम ध्यान की सिद्धि किसे होती है?
उत्तर — वीतरागी, निर्र्ग्रन्थ, दिगम्बर मुनिराज को ही परम ध्यान की सिद्धि होती है।
तवसुदवदवं चेदा, झाणरह-धुरंधरो हवे जम्हा।
तम्हा तत्तियणिरदा, तल्लद्धीए सदा होई।।५७।।
जिस कारण से तप श्रुत औ व्रत, इनका धारक जो आत्मा है।
वह ध्यानमयी रथ की धुर का, धारक हो ध्यान धुरन्धर है।।
अतएव ध्यान प्राप्ती हेतू, इन तीनों में नित रत होवो।
तप श्रुत औ व्रत बिन ध्यान सिद्धि, नहिं होती अत: व्रतिक होवो।।५७।।
अर्थ — जिस हेतु से तप, श्रुत और व्रतों का धारक आत्मा ध्यानरूपी रथ की धुरी को धारण करने वाला हो जाता है, अत: उस ध्यान की प्राप्ति के लिए तप, शास्त्र और व्रत इन तीनों में सदा लीन हो जाओ।
भावार्थ — तपश्चरण, शास्त्र ज्ञान और व्रत इन तीनों के बिना ध्यान की सिद्धि असम्भव है अत: इन तीनो में तत्पर हो जाना चाहिए।
प्रश्न — ध्याता कैसा होना चाहिए?
उत्तर — बारह तप, पाँच महाव्रतों का पालन करने वाला एवं शास्त्रों का मनन करने वाला तपवान, श्रुतवान और व्रतवान आत्मा ही योग्य ध्याता हो सकता है।
प्रश्न — क्यों?
उत्तर — क्योंकि वही ध्यानरूपी रथ की धुरा को धारण करने में समर्थ होता है।
प्रश्न — ध्यानी आत्मा का वाहन क्या होता है?
उत्तर — ध्यानरूपी ‘रथ’ ध्यानी का वाहन कहलाता है।
प्रश्न — ध्यानरूपी रथ में यात्रा करने वाला किस नगर में प्रवेश करता है?
उत्तर — ध्यानरूपी रथ में बैठकर यात्रा करने वाला महापुरुष ‘मोक्षनगर’ में प्रवेश करता है।
प्रश्न — ध्यान की सिद्धि के लिए आवश्यक सामग्री क्या है?
उत्तर — ध्यान की सिद्धि के लिए-तप, श्रुत और व्रतों का परिपालन करना आवश्यक है। अत: यही उसकी आवश्यक सामग्री है।
दव्वसंगहमिणं मुणिणाहा, दोससंचयचुदा सुदपुण्णा।
सोधयंतु तणुसुत्तधरेण, णेमिचंदमुणिणा भणियं जं।।५८।।
श्री नेमिचंद्र मुनि अल्प सूत्र-ज्ञाता जो मैंने कहा सही।
यह ग्रंथ ‘द्रव्य-संग्रह’ नामा जो सार्थक नामा रचा सही।।
जो राग द्वेष दोषादि रहित श्रुत में परिपूर्ण मुनीश्वर हैं।
वे इसका संशोधन कर लें, जो मुझसे श्रेष्ठ ज्ञानधर हैं।।५८।।
अर्थ — मुझ अल्पज्ञानी नेमिचंद्र मुनिराज ने जो यह ‘द्रव्य-संग्रह’ कहा है इसको दोष समूह से रहित और श्रुुत में पूर्ण-श्रुत केवली ऐसे मुनियों के नाथ-महामुनि संशोधन करें।
भावार्थ — श्री नेमिचंद्र सिद्धान्त चक्रवर्ती महामुनिराज अपनी लघुता प्रदर्शित करते हुए कहते हैं कि मैं अल्पसूत्रों का जानने वाला हूँ अत: पूर्ण श्रुत केवली और रागादि दोषों से रहित मुनि प्रधान इस मेरी कृति का संशोधन करें।
प्रश्न — ‘द्रव्यसंग्रह’ के रचयिता कौन हैं?
उत्तर — आचार्यश्री १०८ नेमिचन्द्र महामुनि ने द्रव्यसंग्रह ग्रंथ रचा है।
प्रश्न — अल्पज्ञानी शब्द किस बात का सूचक है?
उत्तर — अल्पज्ञानी शब्द आचार्य देव की लघुता प्रदर्शन एवं विनयगुण का प्रतीक है।
प्रश्न — यहाँ नेमिचन्द्र मुनिराज ने शास्त्र शुद्धि करने का अधिकार किसे दिया है?
उत्तर — यहाँ श्री नेमिचन्द्राचार्य का अभिप्राय है कि निर्दोष मुनिराज जो कि समस्त शास्त्रों के ज्ञाता हैं वे मुनिराज ही शास्त्र शुद्ध करने के अधिकारी हैं। अर्थात् हम और आप जैसे अल्पज्ञानी मनुष्य इसमें कोई संशोधन नहीं कर सकते हैं।