सद्दो बंधो सुहमो, थूलो संठाणभेदतमछाया।
उज्जोदादवसहिया, पुग्गल दव्वस्स पज्जाया।।१६।।
ये शब्द और जो बंध कहे, सूक्ष्मत्व और स्थूलपना।
आकार भेद तम छाया औ, उद्योत तथा आतप जितना।।
ये सब पुद्गल की पर्यायें, जो हैं विभाव व्यंजन जानो।
इन सबसे विरहित निज आत्मा को, निश्चय नय से पहचानो।।१६।।
अर्थ - शब्द, बन्ध, सूक्ष्मत्व, स्थूलत्व, भेद-खंड, अंधकार, छाया, उद्योत और आतप ये सब पुद्गल द्रव्य की पर्यायें हैं। अर्थात् इन्हें विभाव व्यंजन पर्याय कहते हैं।
प्रश्न - शब्द किसे कहते हैं ?
उत्तर - द्रव्य कर्ण (कान) इन्द्रिय के आधार से भाव कर्णेन्द्रिय के द्वारा जो ध्वनि सुनी जाती है, उसे शब्द कहते हैं।
प्रश्न - शब्द के भेद बताइये?
उत्तर - शब्द के दो भेद हैं—१-भाषारूप और २-अभाषारूप।
प्रश्न - बन्ध पर्याय के भेद बताइये?
उत्तर - बन्ध पुद्गल पर्याय के २ भेद हैं—१-वैस्रसिक और २-प्रायोगिक।
प्रश्न - सूक्ष्मता के कितने भेद है?
उत्तर - सूक्ष्मता दो प्रकार की होती है—१-अन्त्य और २-आपेक्षिक।
प्रश्न - स्थौल्य किसे कहते है? उसके भेद बताइये।
उत्तर - स्थूलता को स्थौल्य कहते हैं। यह भी दो प्रकार का है—१-अन्त्य और २-आपेक्षिक।
प्रश्न - संस्थान किसे कहते हैं?
उत्तर - आकृति को संस्थान कहते हैं। त्रिकोण, चतुष्कोण आदि आकार संस्थान हैं।
प्रश्न - भेद किसे कहते हैं?
उत्तर - वस्तु को अलग-अलग चूर्णादि करना भेद है।
प्रश्न - तम किसे कहते हैं?
उत्तर - जिससे दृष्टि में प्रतिबंध होता है और जो प्रकाश का विरोधी-अंधकार है वह तम कहलाता है।
प्रश्न - छाया किसे कहते हैं?
उत्तर - प्रकाश को रोकने वाले पदार्थों के निमित्त से जो पैदा होती है वह छाया कहलाती है। अर्थात् किसी की परछाई को छाया कहते हैं।
प्रश्न - आतप किसे कहते हैं?
उत्तर - जो सूर्य के निमित्त से उष्ण प्रकाश होता है उसे आतप कहते हैं।
प्रश्न - उद्योत किसे कहते हैं?
उत्तर - चंद्रकांतमणि और जुगनू आदि के निमित्त से जो प्रकाश होता है उसे उद्योत कहते हैं।
प्रश्न - शब्द आदि पुद्गल की पर्याय स्वभाव पर्याय है कि विभाव पर्याय?
उत्तर - शब्दादि विभाव पर्याय हैं, क्योंकि ये स्वंध के संयोग से उत्पन्न होती हैं, शुद्ध परमाणु से नहीं।